नई दिल्ली: नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ के बाद भारत ने राहत और बचाव अभियान के तहत सहायता जारी रखी है। शनिवार को भारत ने नेपाल को 11 टन अतिरिक्त राहत सामग्री सौंपी। राहत सामग्री लेकर भारतीय वायुसेना (IAF) का 9वां विमान काठमांडू पहुंचा।

भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने दी जानकारी

नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय वायुसेना की 9वीं उड़ान से 11 टन सामग्री नेपाल पहुंचाई गई, जिसमें टेंट, दवाइयां, स्लीपिंग बैग और फॉरेंसिक उपकरण शामिल हैं। यह सामग्री नेपाल सरकार को सौंप दी गई।

विदेश मंत्रालय (MEA) ने भी भारत की सहायता की जानकारी साझा करते हुए कहा कि नेपाल के लिए राहत सामग्री पहुंच चुकी है। इसमें दवाइयां, फॉरेंसिक सामग्री, टेंट, हाइजीन किट और स्लीपिंग बैग शामिल हैं।

पुनर्वास और रिकवरी प्रयासों में सहयोग जारी

MEA ने कहा कि भारत नेपाल के पुनर्वास और रिकवरी प्रयासों में सहयोग जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

इससे पहले शुक्रवार को नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले ने नई दिल्ली में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने हालिया बाढ़ के बाद बचाव और राहत कार्यों में भारत सरकार की सहायता के लिए धन्यवाद दिया।

नेपाल दूतावास के अनुसार, दोनों नेताओं ने भारत-नेपाल के लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। बातचीत में निवेश, ऊर्जा और कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

भारतीय उड़ान राहत और बचाव सामग्री लेकर काठमांडू पहुंची

इससे पहले भारत ने नेपाल को सुरंग बचाव अभियान से जुड़े उपकरणों और फॉरेंसिक सामग्री समेत राहत सामग्री उपलब्ध कराई थी। भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने बताया कि 8वीं भारतीय उड़ान राहत और बचाव सामग्री लेकर काठमांडू पहुंची थी, जिसे नेपाल के विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार मंत्री महाबीर पुन को सौंपा गया।

26 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ के बाद भारत ने राहत सामग्री, उपकरण और विशेषज्ञ सहायता तेजी से नेपाल भेजी। इसके लिए भारतीय वायुसेना के नौ विशेष विमानों का इस्तेमाल किया गया।

यह भी पढ़ें:  रूस पर नए प्रतिबंध कानून पर जेलेंस्की ने ट्रंप को कहा धन्यवाद, बोले- दबाव बढ़ाना जरूरी