काठमांडू: नेपाल के सुप्रीम कोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस चोलेन्द्र शमशेर जंग बहादुर राणा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। काठमांडू क्राइम ब्रांच की टीम ने 27, सितंबर रविवार सुबह महाराजगंज स्थित उनके आवास से उन्हें हिरासत में ले लिया है।

नेपाल के पूर्व चीफ जस्टिस राणा गिरफ्तार

दरअसल, नेपाल के पूर्व चीफ जस्टिस शमशेर जंग बहादुर राणा के विरुद्ध काठमांडू क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज किए जाने के बाद कार्रवाई की गई है। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने अभी तक शिकायत में लगाए गए आरोपों और गिरफ्तारी की वजह का विवरण सार्वजनिक नहीं किया है।

मामले से जुड़ी जानकारी जल्द होगी सार्वजनिक

नेपाल पुलिस के अनुसार, पूर्व चीफ जस्टिस शमशेर जंग बहादुर राणा को आवश्यक जांच के लिए लाने की बात कही गई हॆ। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जल्द ही और जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। लेकिन, फिलहाल गिरफ्तारी से जुड़े आरोपों और शिकायत की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।

संवैधानिक प्रावधान के तहत लगा महाभियोग

दरअसल, चोलेन्द्र शमशेर जंग बहादुर राणा ने 2 जनवरी 2019 को नेपाल सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस का पद भार संभाला था। लेकिन इसके बाद 13 फरवरी 2022 में उनके खिलाफ संसद में महाभियोग की प्रक्रिया शुरू होने के बाद वे संवैधानिक प्रावधान के तहत स्वतः निलंबित हो गए थे। जिसके बाद राणा के खिलाफ लंबे समय तक सुप्रीम कोर्ट में मामला चलता रहा।