दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक यात्री विमान के हाईजैक होने की खबर से हड़कंप मचा गया। विमान ने सऊदी अरब के ऊपर से गुजरते हुए अचानक अपना रास्ता बदला एवं इमरजेंसी सिग्नल भेजने लगा। इसके बाद विमान के हाईजैक होने या किसी तरह के गैरकानूनी हस्तक्षेप होने की आशंका पैदा होने लगी। हालांकि, इसके कुछ देर बाद विमान ने सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।
विमान के पायलटों ने इमरजेंसी का दिया सिग्नल
दरअसल, विमान ने सबसे पहले 7700 स्क्वॉक कोड भेजा था, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामान्य इमरजेंसी का संकेत होता है। इसके बाद तुरंत विमान की तरफ से 7500 कोड भेजा गया, जिसका मतलब हाईजैकिंग या किसी तरह का गैरकानूनी हस्तक्षेप होता है। फिर इसके कुछ ही देर बाद विमान के सऊदी अरब की तरफ मुड़ने की खबर मिली। जिसके बाद प्लेन के हाईजैक होने की संभावना जताई जाने लगी।
प्लेन में 180 यात्रियों के सवार होने की जानकारी
इस घटना को लेकर इजरायली सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि विमान से इमरजेंसी एवं गैरकानूनी हस्तक्षेप वाला सिग्नल भेजे जाने के कारण, फ्लाइट में मौजूद पायलटों के बीच आपसी विवाद हो सकता है। इस घटना के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बयान जारी करते हुए कहा है कि कोई प्लेन हाईजैक नहीं हुआ है। फ्लाईदुबई की इस विमान में करीब 180 यात्रियों के सवार होने की जानकारी दी गई है।
ये भी पढ़ें-ईरान-अमेरिका में नहीं बनी बात, कतर की कोशिश नाकाम