UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू होने वाली है। इस बीच सीटों को लेकर खींचतान की खबरों पर सपा सांसद जिया उर रहमान बर्क ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे की बातचीत में मोलभाव होना स्वाभाविक है और चुनाव से काफी पहले इस मामले को सुलझा लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने दोनों दलों के बीच किसी तरह के विवाद की खबरों को भी खारिज किया।

ANI से बातचीत में संभल के सांसद बर्क ने कहा कि दोनों दलों के बीच बातचीत सामान्य तरीके से आगे बढ़ रही है। सीटों के बंटवारे पर चर्चा के दौरान कुछ मोलभाव होना स्वाभाविक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव आने से काफी पहले इस मुद्दे पर सहमति बन जाएगी।

सीट बंटवारे के लिए सपा ने बनाई चार सदस्यीय कमेटी
गठबंधन की बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए समाजवादी पार्टी ने रविवार को बड़ा कदम उठाया। पार्टी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए INDIA गठबंधन के सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत करने के लिए चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया है।

इस कमेटी में सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और सांसद राजीव राय व इकरा चौधरी को शामिल किया गया है।

पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन के सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत करने की जिम्मेदारी इस समिति को सौंपी है।

23 और 24 नवंबर को दिल्ली में होगी सपा-कांग्रेस की बैठक
सीट बंटवारे को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच 23 और 24 नवंबर को दिल्ली में दो दिवसीय बैठक होने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर दोनों दलों के बीच यह पहली औपचारिक बैठक होगी।

इसमें दोनों पार्टियों के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बातचीत का मुख्य मुद्दा उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर चुनावी तालमेल और सीटों का बंटवारा रहेगा।

ऐसे में सपा की ओर से कमेटी का गठन और कांग्रेस के साथ प्रस्तावित बैठक को 2027 के चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

2022 में अलग-अलग चुनाव लड़ा, 2024 में गठबंधन से बदली तस्वीर
सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन की अहमियत पिछले चुनावों के नतीजों से भी समझी जा सकती है। 2022 विधानसभा चुनाव: दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। सपा ने 347 सीटों पर उम्मीदवार उतारे और 111 सीटों पर जीत हासिल की। वहीं कांग्रेस ने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन उसे केवल 2 सीटें मिलीं।

2024 लोकसभा चुनाव: INDIA गठबंधन के तहत दोनों दलों ने मिलकर चुनाव लड़ा। इस बार सपा ने 62 सीटों पर उम्मीदवार उतारकर 37 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस ने 17 सीटों में से 6 पर जीत दर्ज की। इन नतीजों ने दोनों पार्टियों के लिए गठबंधन की राजनीतिक अहमियत बढ़ा दी है।

2027 में बीजेपी को चुनौती देने की तैयारी
उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर 2027 में होने वाला चुनाव काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है। एक तरफ बीजेपी सत्ता में वापसी की कोशिश करेगी, तो दूसरी तरफ सपा अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत कर सत्ता में लौटना चाहेगी। कांग्रेस भी गठबंधन के जरिए राज्य में अपना जनाधार बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है। 

और पढ़ें:  कल दिल्ली में कई रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, घर से निकलने से पहले देख लें पूरी लिस्ट