UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी हलचल तेज हो चुकी है। चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन राजनीतिक दलों के साथ-साथ जनता के बीच भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। इसी बीच TNP NEWS की टीम बस्ती जिले की हर्रैया विधानसभा पहुंची और '27 की सत्ता' Ground Report के जरिए क्षेत्र की जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों और चुनावी मिजाज को समझने की कोशिश की। ग्राउंड पर लोगों से बातचीत में विकास, रोजगार, सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा जैसे स्थानीय मुद्दे प्रमुखता से सामने आए।
राम मंदिर और हिंदुत्व की राजनीति पर जनता की राय
ग्राउंड रिपोर्ट के दौरान कुछ लोगों ने बीजेपी की राजनीति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पार्टी भगवान राम के नाम की राजनीति करती है। लोगों का कहना था कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार को कई साल हो चुके हैं, लेकिन उनके क्षेत्र में अपेक्षित विकास नजर नहीं आ रहा है। हालांकि, जनता की राय एक जैसी नहीं रही और अलग-अलग लोगों ने सरकार तथा राजनीतिक दलों को लेकर अपनी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी दीं।
सड़क, बिजली और पानी बना बड़ा मुद्दा
हर्रैया क्षेत्र में स्थानीय समस्याओं को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों ने सड़क की खराब स्थिति, बिजली की व्यवस्था और पानी से जुड़ी परेशानियों का जिक्र किया। लोगों का कहना है कि चुनाव के दौरान विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कई समस्याएं अभी भी बनी हुई हैं।
रोजगार और शिक्षा को लेकर भी सवाल
युवाओं और स्थानीय लोगों के बीच रोजगार का मुद्दा भी अहम दिखाई दिया। इसके अलावा शिक्षा की सुविधाओं को लेकर भी लोगों ने असंतोष जताया। कुछ लोगों का कहना था कि क्षेत्र में बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत है, ताकि युवाओं को दूसरे शहरों की ओर पलायन न करना पड़े।
सरकारी योजनाओं के लाभ पर भी उठे सवाल
ग्राउंड रिपोर्ट में कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि सरकार की योजनाओं का लाभ उन्हें अपेक्षित रूप से नहीं मिल पा रहा है। लोगों की शिकायत है कि योजनाओं की घोषणा और उनके वास्तविक लाभ के बीच अभी भी अंतर दिखाई देता है।
2022 विधानसभा चुनाव में देखने को मिला था कड़ा मुकाबला
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस और राष्ट्रीय लोकदल के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों पर सात चरणों में मतदान हुआ। भारतीय जनता पार्टी ने अपने सहयोगी दलों के साथ स्पष्ट बहुमत हासिल कर लगातार दूसरी बार सरकार बनाई। समाजवादी पार्टी ने पिछली बार की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करते हुए कई सीटों पर मजबूत पकड़ दिखाई। वहीं, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा। राष्ट्रीय लोकदल ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन कर कई क्षेत्रों में प्रभाव डाला। चुनाव परिणामों ने राज्य की राजनीतिक दिशा स्पष्ट की।
2022 के चुनाव में रहा भाजपा का दबदबा
हरैया विधानसभा सीट, उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 307 नंबर सीट है। 2022 के चुनाव में यहां भाजपा के अजय सिंह ने 88,200 वोट हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने समाजवादी पार्टी के त्रयम्बक नाथ को 18,329 वोटों के अंतर से हराया, जिन्हें 69,871 वोट मिले। बहुजन समाज पार्टी के राज किशोर सिंह 55,697 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि कांग्रेस के अम्बिका सिंह को 2,008 वोट मिले। चुनाव में भाजपा और सपा के बीच मुख्य मुकाबला रहा। विकास, रोजगार, कानून-व्यवस्था, किसान समस्याएं और स्थानीय मुद्दे मतदाताओं के प्रमुख मुद्दे रहे।
जातीय समीकरण चुनाव 2027 के केंद्र में
ऐसा कहा जा रहा है कि यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सभी राजनीतिक दलों को गतिविधियां तेज होती दिख रही हैं। इसके अलावा सभी प्रमुख दल अभी से संगठन मजबूत करने, जातीय समीकरण साधने और नए वोटर्स को जोड़ने के काम में लगे हुए हैं।
क्या 2027 में बदलेगा हर्रैया का सियासी समीकरण?
कुछ मतदाताओं ने साफ तौर पर कहा कि इस बार वे बीजेपी को हराकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के पक्ष में हैं। हालांकि, चुनावी नतीजे अभी दूर हैं और जनता का अंतिम फैसला मतदान के समय ही सामने आएगा। फिलहाल हर्रैया में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, रोजगार और विकास जैसे मुद्दे चर्चा के केंद्र में हैं। वहीं हरैया विधानसभा सीट एक बार फिर यूपी चुनाव 2027 में बेहद अहम मानी जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो आने वाले चुनाव में यहां मुकाबला और भी दिलचस्प हो सकता है।
ये भी पढ़ें: UPI चार्ज पर बड़ी खबर! 15 अक्टूबर से नहीं लगेगा MDR? NPCI को मिला नया प्रस्ताव