उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज से दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर हैं। वह 21 सितंबर को मेरठ और 22 सितंबर को सहारनपुर में रहेंगे। इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों के साथ बैठक कर पश्चिमी यूपी में संगठन की तैयारियों और चुनावी गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।

मेरठ से शुरू होगा नितिन नवीन का दौरा

नितिन नवीन आज यानि 21 सितंबर को मेरठ पहुंचेंगे। यहां वह सबसे पहले इंडियन नेशनल आर्मी के शहीद स्मारक और उपवन में अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित युवा सम्मेलन में हिस्सा लेंगें और छात्रों को संबोधित करेंगे।

इसके बाद वह पश्चिमी क्षेत्र के शक्ति केंद्र सम्मेलन में शामिल होंगे। बता दें कि बीजेपी के संगठनात्मक ढांचे में शक्ति केंद्र अहम स्तर माना जाता है। ऐसे में इस सम्मेलन के जरिए क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और संगठन की जमीनी तैयारियों पर चर्चा होगी।

सांसदों-विधायकों से भी करेंगे बातचीत

वहीं अपने दौरे के दौरान नितिन नवीन पश्चिमी यूपी के पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इन बैठकों में संगठन की स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़ी तैयारियों पर भी चर्चा प्रस्तावित किया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीजेपी पश्चिमी यूपी की 71 विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है। ऐसे में नवीन का यह दौरा पार्टी की जमीनी तैयारियों की समीक्षा के लिहाज से अहम है।

22 सितंबर को सहारनपुर में हाईलेवल बैठक

वहीं कल यानि 22 सितंबर को नितिन नवीन का सहारनपुर दौरा प्रस्तावित किया गया है। यहां वह प्रबुद्धजनों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से संवाद करेंगे। इसके बाद पूर्व सांसदों और विधायकों के साथ बैठक कर आगे की रण निति पर बात करेंगें।

इसके बाद प्रदेश और क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और जिला महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक बैठक प्रस्तावित है। इसमें आगामी चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों और संगठन से जुड़े मुद्दों पर मंथन किया जाएगा।

कार्यकर्ता के घर करेंगे भोजन

सहारनपुर दौरे के दौरान नितिन नवीन एक बीजेपी कार्यकर्ता के घर भोजन भी करेंगे। इसके जरिए पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद पर जोर दिया जाएगा। दौरे के अंत में उनके सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

इस दो दिवसीय दौरे में युवा सम्मेलन से लेकर संगठन की उच्चस्तरीय बैठकों तक कई कार्यक्रम रखे गए हैं। अब देखना होगा कि इन बैठकों के बाद पश्चिमी यूपी में बीजेपी के संगठन और चुनावी अभियान को लेकर क्या नए निर्देश सामने आते हैं।

यह भी पढ़ें: Aaj Ka Panchang: आज दशमी तिथि पर बन रहे खास संयोग, जानें शुभ मुहूर्त, राहुकाल और आज के व्रत-त्योहार