Up Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात अभी से बिछने लगी है। सत्ता में वापसी की कोशिशों में जुटी सपा अब अपने सियासी समीकरणों को मजबूत करने के लिए नई रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में सपा प्रमुख अखिलेश यादव रविवार को आगरा से चुनावी शंखनाद करेंगे। इस बार उनका निशाना सीधे दलित वोट बैंक पर है। आगरा में होने वाला दलित महासम्मेलन पश्चिमी यूपी की राजनीति में सपा की नई ताकत दिखाने की कोशिश माना जा रहा है।

दरअसल, आगरा की राजनीति सपा के लिए हमेशा चुनौतीपूर्ण रही है। पिछले दो विधानसभा चुनावों में पार्टी यहां की सभी सीटों पर जीत हासिल करने में नाकाम रही है। ऐसे में अखिलेश यादव ने आगरा से अपनी चुनावी मुहिम शुरू करने का फैसला किया है। पार्टी की कोशिश है कि दलित समाज को अपने साथ जोड़कर पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के समीकरण को और मजबूत किया जाए।

10 हजार से ज्यादा कुर्सियों का इंतजाम
सपा की ओर से 15 नवंबर को आगरा के जीआईसी मैदान में बड़े स्तर पर दलित महासम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं को सुबह 11 बजे से सम्मेलन में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम स्थल पर 10 हजार से अधिक कुर्सियां लगाई जाएंगी और दो मंच तैयार किए जाएंगे।

राजनीतिक जानकारों की नजर इस सम्मेलन पर इसलिए भी है, क्योंकि आगरा को दलित राजनीति का प्रमुख केंद्र माना जाता है। सपा इस आयोजन के जरिए दलित समाज के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के साथ ही बसपा और भाजपा के पारंपरिक वोट बैंक में भी सेंध लगाने की कोशिश करेगी।

अखिलेश के साथ कई बड़े चेहरे होंगे मौजूद
दलित महासम्मेलन के आयोजक और सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने बताया कि कार्यक्रम में अखिलेश यादव के अलावा प्रो. रामगोपाल यादव, अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद, आरके चौधरी, मनोज पारस और रागिनी सोनकर शामिल होंगे। इनके अलावा पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, जिला और शहर अध्यक्ष तथा विभिन्न फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे।

शिक्षक एमएलसी चुनाव की जीत से सपा उत्साहित
हाल ही में शिक्षक एमएलसी चुनाव में मिली जीत ने भी समाजवादी पार्टी का उत्साह बढ़ाया है। पार्टी अब इसी ऊर्जा को 2027 के विधानसभा चुनाव तक बनाए रखना चाहती है। आगरा का दलित महासम्मेलन इसी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

अब देखना होगा कि अखिलेश यादव आगरा की धरती से दलित समाज को जोड़ने के लिए क्या संदेश देते हैं और उनका यह सियासी दांव 2027 के चुनाव में सपा के लिए कितना असरदार साबित होता है। 

और पढ़ें: West Asia Conflict: पश्चिम एशिया में बदलते समीकरण, भारत के सामने कूटनीति से लेकर अर्थव्यवस्था तक बड़ी चुनौतियां, जानें सबकुछ