नई दिल्ली: इंडिया ब्लॉक के अंदर सीट बंटवारे को लेकर जारी चर्चाओं के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विपक्षी दलों के साथ मुकाबला कर रही है, जबकि असली लड़ाई बीजेपी से होनी चाहिए।

संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस की सीटों की मांग पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के बयानों से ऐसा लग रहा है कि वह समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को चुनौती दे रही है।

‘कांग्रेस कभी 150 तो कभी 200 सीटों की बात करती है’

मीडिया से बातचीत में संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की ओर से सीटों को लेकर अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस कभी 150 सीटों की मांग करती है, तो कभी सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात करती है। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस की प्राथमिक लड़ाई बीजेपी से है या समाजवादी पार्टी से।

बिहार चुनाव का भी किया जिक्र

AAP सांसद ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का उदाहरण देते हुए कांग्रेस पर गठबंधन सहयोगियों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि बिहार में भी कांग्रेस की भूमिका को लेकर सवाल उठे थे और इसी तरह उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के साथ स्थिति बन रही है।

दिल्ली, बंगाल और तमिलनाडु का भी किया जिक्र

संजय सिंह ने कांग्रेस पर दिल्ली में अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी और तमिलनाडु में एमके स्टालिन जैसे विपक्षी नेताओं के खिलाफ रुख अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को बीजेपी के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़नी चाहिए।

UP Election 2027 को लेकर बढ़ रही सियासी हलचल

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों के बीच तैयारियां तेज हो रही हैं। सीट बंटवारे और गठबंधन की रणनीति को लेकर विपक्षी दलों के बीच लगातार बयानबाजी देखने को मिल रही है।

यह भी पढ़ें: UP राज्यसभा और MLC चुनाव के लिए नामांकन शुरू, BJP में स्मृति ईरानी के नाम की चर्चा; सपा के उम्मीदवारों पर सस्पेंस बरकरार