नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार, 26 सितंबर को दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। सीएम योगी ने प्रधानमंत्री आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पहुंचकर पीएम मोदी से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव और राज्यसभा चुनाव की तैयारियों के बीच हुई है।
बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में उत्तर प्रदेश से जुड़े कई अहम मुद्दों के साथ राज्यसभा चुनाव और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। हालांकि, मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया पोस्ट में इसे शिष्टाचार भेंट बताया है।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर दी मुलाकात की जानकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि उन्होंने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। सीएम योगी ने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन को 'नए उत्तर प्रदेश' के निर्माण के लिए ऊर्जा देने वाला बताया और समय देने के लिए उनका आभार जताया।
विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी से आज नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 26, 2026
आपका मार्गदर्शन 'नए उत्तर प्रदेश' के निर्माण हेतु मुझे सदैव नई ऊर्जा देता है।
अमूल्य समय प्रदान करने के लिए हार्दिक आभार प्रधानमंत्री जी। pic.twitter.com/BLgxcQmjiq
पीएम मोदी के यूपी दौरे और बड़े प्रोजेक्ट पर भी चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक में उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हुई। राज्य सरकार की ओर से प्रधानमंत्री के हाथों BIDA झांसी के उद्घाटन के साथ-साथ प्रदेश में कई बड़े प्रोजेक्ट के उद्घाटन और शिलान्यास कराने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, इन कार्यक्रमों की अंतिम तारीख और विस्तृत कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
16 अक्टूबर को यूपी की 10 राज्यसभा सीटों पर चुनाव
उत्तर प्रदेश में 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर 2026 को चुनाव होना है। इसके बाद विधान परिषद की 11 सीटों के लिए भी चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में राज्यसभा और आगामी विधानसभा चुनाव दोनों ही राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण हैं।
सीएम योगी जेपी नड्डा से मिले, शाह और नितिन नबीन से भी होगी बैठक
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात की जानकारी देते हुए सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, "आज नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा जी से सौजन्य भेंट हुई।" वहीं दिल्ली प्रवास के दौरान वे भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात करने वाले हैं।