नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को 24 नेताओं को अलग-अलग संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपीं। इनमें राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन), प्रदेश महामंत्री (संगठन), प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) और संगठक जैसे पद शामिल हैं। बीजेपी के मुताबिक सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

कई राज्यों की बदली संगठनात्मक जिम्मेदारी

बीजेपी की नई नियुक्तियों में राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन), प्रदेश महामंत्री (संगठन), प्रदेश सह महामंत्री और संगठक जैसे पद शामिल हैं। पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में इन पदों की अहम भूमिका होती है और इनके जरिए राज्यों में संगठन के कामकाज का समन्वय किया जाता है।

शिवप्रकाश और सौदान सिंह को कई राज्यों की जिम्मेदारी

नई नियुक्तियों में शिवप्रकाश को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उन्हें आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सौदान सिंह को बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल का संगठनात्मक दायित्व सौंपा गया है।

इसके अलावा वी. सतीश को अनुसूचित जाति-जनजाति मोर्चा और संसदीय कार्यालय से जुड़े काम की जिम्मेदारी दी गई है। नागेंद्र को वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क का दायित्व मिला है। दोनों की जिम्मेदारी दिल्ली केंद्रित रहेगी।

महाराष्ट्र से लेकर तेलंगाना तक बदली जिम्मेदारियां

महाराष्ट्र में अजय जामवाल को प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी मिली है। सतीश धोंड को महाराष्ट्र में प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उनके जिम्मे गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र में जनजातीय संपर्क की जिम्मेदारी भी रहेगी।

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के लिए मधुकर को प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है, जबकि तेलंगाना में दशरथ को प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है।

असम और त्रिपुरा में रविंद्र राजू को प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उन्हें कार्यालय निर्माण की जिम्मेदारी भी दी गई है। बिहार में भिखुभाई दलसानिया और झारखंड में पवन साई को प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। हिमाचल प्रदेश में यह जिम्मेदारी सिद्धार्थन को मिली है।

गुजरात, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश में भी बदलाव

गुजरात में रत्नाकर को प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उनके पास दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव की जिम्मेदारी भी रहेगी। गुजरात में ही अरुण बिन्नाडी को प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है।

उत्तराखंड में फणींद्रनाथ शर्मा, दिल्ली और हरियाणा में पवन राणा, छत्तीसगढ़ में कर्मवीर और मध्य प्रदेश में चंद्रशेखर को प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है ।ओडिशा में मानस मोहंती को प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी मिली है, जबकि पंजाब और चंडीगढ़ का दायित्व मंत्री श्रीनिवासुलु को सौंपा गया है।

उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भी नई जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश में धर्मपाल को प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। वहीं पश्चिम बंगाल में अमिताभ चक्रवर्ती को इसी पद की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा अभय गिरि को ब्रज क्षेत्र का संगठक बनाया गया है। वहीं अनंत नारायण मिश्रा को भागलपुर, पूर्णिया और कोसी क्षेत्र में संगठक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

चुनावी राज्यों से पहले संगठन पर फोकस

बीजेपी में यह संगठनात्मक बदलाव ऐसे समय हुआ है जब पार्टी कई राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी कर रही है। इससे एक दिन पहले 23 सितंबर को बीजेपी ने 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारियों की भी घोषणा की थी। उत्तर प्रदेश के लिए विनोद तावड़े को प्रभारी बनाया गया है, जबकि पंजाब, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भी नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

इस तरह नितिन नबीन के नेतृत्व में बीजेपी का संगठनात्मक ढांचा लगातार नए सिरे से तैयार किया जा रहा है। 24 नई नियुक्तियों के जरिए राज्यों और क्षेत्रों में संगठन की जिम्मेदारियां तय की गई हैं, जिनका असर आने वाले महीनों में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों में दिखाई देगा।

यह भी पढ़ें: Meta ने लॉन्च किया कीचेन में लगने वाला छोटू AI डिवाइस, जानें क्या हैं 'Muse Charm'