UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी समीकरण तेजी से बदलने लगे हैं। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के साथ आने से प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। दोनों नेताओं ने 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाकर चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है। अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस नए मोर्चे का स्वागत करते हुए बीजेपी को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन के बनने से बीजेपी के वोट बैंक में 2 से 3 फीसदी की अतिरिक्त सेंध लग सकती है।

अखिलेश यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि सामाजिक परिवर्तन जरूरी है, लेकिन वास्तविक सफलता तब मिलेगी, जब 'राजनीतिक परिवर्तन मोर्चा' सक्रिय होगा। उन्होंने कहा कि जो भी सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ लड़ते हुए PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के हितों और उसकी आवाज को मजबूती देगा, समाजवादी पार्टी उसकी ईमानदार आवाज जनता तक पहुंचाने में सहयोग करेगी।

अखिलेश बोले- बीजेपी के लिए बढ़ेगी मुश्किल
सपा प्रमुख ने नए मोर्चे के गठन को विपक्ष के लिए फायदेमंद बताया। उनका कहना है कि अब उन मतदाताओं के सामने एक और विकल्प होगा, जो भावनात्मक नारों और बहकावे में आकर सांप्रदायिक ताकतों को वोट देते रहे हैं। अखिलेश ने दावा किया कि इससे बीजेपी को 2 से 3 फीसदी वोटों का अतिरिक्त नुकसान हो सकता है।

उन्होंने कहा कि जनता केवल बयानबाजी करने वाले राजनीतिक मोर्चों की सच्चाई समझती है। ऐसे गठबंधन तभी लोकतंत्र को मजबूत करेंगे, जब उनका उद्देश्य अपने समाज का कल्याण हो, न कि किसी तीसरे पक्ष के इशारे पर राजनीति करना। उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर कोई राजनीति की कठपुतली बनता है तो जनता उसका जवाब चुनाव में देगी।

'वोटों की ठेकेदारी प्रथा' खत्म होने की जताई उम्मीद
अखिलेश यादव ने राजनीति में वोटों की ठेकेदारी प्रथा खत्म होने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बदलाव चाहने वाले मतदाता उसी राजनीतिक विकल्प की ओर जाएंगे, जिसका अपना मजबूत कोर वोट बैंक होगा। इस संदर्भ में उन्होंने PDA को सबसे बड़ा विकल्प बताया।

ओवैसी ने अखिलेश को मुस्लिम CM के नाम पर घेरा
दूसरी तरफ, गठबंधन की घोषणा के बाद असदुद्दीन ओवैसी ने अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोला। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर समाजवादी पार्टी मुस्लिम मुख्यमंत्री की बात करती है तो अखिलेश यादव अपनी पार्टी के किसी मुस्लिम नेता को मुख्यमंत्री पद का चेहरा क्यों नहीं घोषित करते?

ओवैसी ने कहा कि अखिलेश यादव को अपनी पार्टी के किसी भी नेता का नाम आगे करना चाहिए और उसे नेतृत्व करने का मौका देना चाहिए। उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस घटना में 50 हजार से अधिक लोग बेघर हुए थे। ऐसे में मुस्लिम समाज की सुरक्षा और नेतृत्व को लेकर अखिलेश यादव के दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने भी दिया जवाब
ओवैसी के बयान पर समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने आपत्ति जताई। उन्होंने सवाल किया कि ओवैसी हैदराबाद से आकर उत्तर प्रदेश में चंद्रशेखर आजाद की राजनीतिक जमीन तैयार करने के बजाय अपने गृह राज्य के मुद्दों पर ध्यान क्यों नहीं देते?

नदवी ने कहा कि मुस्लिम समाज को अपने अधिकारों की रक्षा और अपने प्रतिनिधियों का चुनाव खुद के विवेक से करना चाहिए। उन्होंने ओवैसी की ओर से मुसलमानों के लिए 'अब्दुल' शब्द के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई और कहा कि सही संबोधन मुस्लिम या मुसलमान है।

नदवी ने अखिलेश यादव के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता PDA और सामाजिक न्याय के संदेश के साथ खड़ी है। उन्हें विश्वास है कि आगामी विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव प्रदेश में सरकार बनाएंगे।

2027 से पहले PDA बनाम नए मोर्चे की सियासत तेज
सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के गठन के बाद उत्तर प्रदेश में विपक्षी राजनीति के भीतर भी नई हलचल दिखाई देने लगी है। एक तरफ ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद शिक्षा, बेरोजगारी, स्वास्थ्य और किसानों के मुद्दों को लेकर नया राजनीतिक विकल्प देने की बात कर रहे हैं। दूसरी तरफ अखिलेश यादव PDA को सबसे मजबूत राजनीतिक आधार बता रहे हैं।

अब बड़ा सवाल यह है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में यह नया गठबंधन विपक्ष की ताकत बढ़ाएगा या फिर वोटों के नए बंटवारे से चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना देगा। इसका जवाब आने वाले दिनों में राजनीतिक समीकरण और जनता का रुख तय करेगा। 

और पढ़ें: ओवैसी के साथ आएंगे चंद्रशेखर आजाद? UP चुनाव से पहले ओवैसी-आजाद जोड़ी पर टिकी नजरें