रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ में होमगार्ड भर्ती की तैयारी के बीच एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला साड़ी पहनकर और नंगे पैर 1600 मीटर की दौड़ लगाती नजर आ रही हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उनके इस जज्बे ने लोगों का ध्यान खींच लिया है। 

जूते-ट्रैक सूट नहीं, फिर भी नहीं मानी हार

रामगढ़ के सोसो गांव की रहने वाली कविता कुमारी ने होमगार्ड बनने का सपना देखा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उनके पास रनिंग शूज और ट्रैक सूट खरीदने के पैसे नहीं थे। ऐसे में उन्होंने जिस हालत में संभव हुआ, उसी में अपनी तैयारी जारी रखी।

कविता ने साड़ी पहनकर नंगे पैर 1600 मीटर की दौड़ पूरी की। खास बात यह रही कि उन्होंने यह दूरी सिर्फ 6 मिनट में पूरी कर ली, जबकि महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित समय 10 मिनट बताया गया है। 

बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सुबह 4 बजे उठती हैं

कविता की कहानी सिर्फ वायरल वीडियो तक सीमित नहीं है। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह विधवा हैं और अपने दो बच्चों और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। वह रोज सुबह करीब 4 बजे उठकर दौड़ की तैयारी करती हैं।

कविता का कहना है कि वह होमगार्ड में शामिल होकर अपने बच्चों को बेहतर भविष्य देना चाहती हैं। उनके इसी संघर्ष और मेहनत ने उन्हें दूसरे अभ्यर्थियों के बीच अलग पहचान दिलाई है। 

284 पदों पर होनी है Home Guard भर्ती

रामगढ़ जिले में 284 Home Guard पदों पर भर्ती प्रक्रिया होनी है। भर्ती प्रक्रिया 24 अक्टूबर से 5 नवंबर तक प्रस्तावित है। इसमें महिलाओं के लिए 50 फीसदी सीटें आरक्षित हैं। वहीं विधवा और तलाकशुदा महिलाओं के लिए अतिरिक्त 5 फीसदी आरक्षण का प्रावधान बताया गया है। 

कविता के साड़ी पहनकर नंगे पैर दौड़ने का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी उनके हौसले की तारीफ हुई। एक स्थानीय रनिंग ग्रुप ने उन्हें सम्मानित भी किया। उनकी कहानी यही बताती है कि संसाधन कम हों, लेकिन अगर लक्ष्य मजबूत हो तो रास्ता निकाला जा सकता है। 

यह भी पढ़ें: ‘Ghost Particles’ की खोज ने दिलाया Nobel, Francis Halzen को Physics का बड़ा सम्मान