तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी और भारत राष्ट्र समिति (BRS) की पूर्व नेता के. कविता ने आज शनिवार को अपनी नई राजनीतिक पार्टी “तेलंगाना राष्ट्र सेना” (TRS) की आधिकारिक घोषणा कर दी। हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पार्टी के नाम और उसके झंडे का अनावरण किया।

के. कविता ने पार्टी लॉन्च के दौरान कही ये बात

पार्टी लॉन्च के मौके पर के. कविता ने बताया कि उनकी नई पार्टी का उद्देश्य तेलंगाना के अधिकारों की रक्षा करना और राज्य के समग्र विकास को नई दिशा देना है, उन्होंने कहा कि यह संगठन तेलंगाना की पहचान, संस्कृति और जनता की उम्मीदों की आवाज बनेगा। राजनीतिक हलकों में इसे आगामी चुनावों से पहले एक अहम कदम और शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।

कोई भी चुनौती आए पीछे नहीं हटूंगी

पार्टी के नाम की घोषणा के साथ ही उन्होंने एक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने लिखा कि अब समय बदल चुका है, उन्होंने संदेश दिया कि उनकी लड़ाई रुकने वाली नहीं है और तेलंगाना की जनता की आकांक्षाओं को दबने नहीं दिया जाएगा, उन्होंने यह भी कहा कि चाहे कोई भी चुनौती सामने आए, वे पीछे नहीं हटेंगी।

BRS पर साधा निशाना

इस दौरान के. कविता ने अपनी पूर्व पार्टी BRS पर भी तीखा हमला बोला, उन्होंने आरोप लगाया कि BRS का गठन जिन क्षेत्रीय उम्मीदों को पूरा करने के लिए हुआ था, वह अपने मूल उद्देश्य से भटक गई है। उनके अनुसार, पार्टी ने अपनी पहचान और विचारधारा बदल दी, जिससे जनता से उसका जुड़ाव कमजोर हो गया, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने स्वयं पार्टी या परिवार को नहीं छोड़ा, बल्कि उन्हें पार्टी से निष्कासित किया गया।

Written By Toshi Shah