Chhath Puja 2026: आज छठ पूजा का दूसरा दिन है यानी खरना। आज आपको अपने आसपास लगभग हर घर में 'माटी के चूल्हा पर माई खरना के खीर बनाए...' लोकगीत सुनने को मिल रहा होगा। कहीं महिलाएं इसे गुनगुना रही होंगी तो कहीं छठ के पारंपरिक गीतों के बीच इसकी आवाज सुनाई दे रही होगी। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि खरना के दिन यही गीत इतना खास क्यों हो जाता है?
छठ पूजा में सिर्फ व्रत और सूर्य को अर्घ्य देने का ही महत्व नहीं है, बल्कि इस पर्व से जुड़ी छोटी-छोटी परंपराएं भी इसकी पहचान हैं। बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में छठ के दौरान यह गीत खूब सुनाई देता है। खासकर खरना के दिन इसकी गूंज पूजा के माहौल को और भक्तिमय बना देती है। यह गीत केवल छठी मैया की आराधना तक सीमित नहीं है। इसके बोलों में खरना की तैयारी, प्रसाद बनाने का पारंपरिक तरीका और व्रत से जुड़ी शुद्धता की भावना भी दिखाई देती है। यही वजह है कि पीढ़ियों से यह लोकगीत छठ पर्व का हिस्सा बना हुआ है।
मिट्टी के चूल्हे और आम की लकड़ी का खास महत्व
छठ पूजा के दूसरे दिन को खरना कहा जाता है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करते हैं। परंपरा के अनुसार, खरना का प्रसाद बनाने के लिए मिट्टी के नए चूल्हे का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें आम की सूखी लकड़ियां जलाकर गुड़ और चावल की खीर तैयार की जाती है। इसके साथ गेहूं के आटे से बनी रोटी भी बनाई जाती है। 'माटी के चूल्हा पर माई...' गीत में इसी पारंपरिक तैयारी का जिक्र मिलता है। लोकगीत के जरिए बताया जाता है कि खरना का प्रसाद किस तरह पूरी श्रद्धा और सावधानी के साथ तैयार किया जाता है। छठ में साफ-सफाई और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। इसलिए प्रसाद बनाने के लिए अलग चूल्हे और बर्तनों का इस्तेमाल करने की परंपरा भी कई परिवारों में निभाई जाती है।
खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद शुरू होता है कठिन व्रत
खरना की शाम छठ व्रत का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होती है। व्रती पूजा करने के बाद सबसे पहले छठी मैया को प्रसाद अर्पित करते हैं। इसके बाद प्रसाद ग्रहण किया जाता है। इस प्रसाद में आमतौर पर गुड़ और चावल की खीर, गेहूं की रोटी और केले जैसे फल शामिल होते हैं। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू करते हैं। इस दौरान वे अन्न और जल दोनों का त्याग करते हैं। छठ के तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इसके अगले दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण होता है।
यह भी पढ़ें: दीवाली के 15 दिन बाद काशी में क्यों जलते हैं लाखों दीये? जानिए देव दीपावली की कहानी
लोकगीत में बसी है छठ की पुरानी परंपरा
छठ के लोकगीतों की खासियत यह है कि इनमें पूजा की विधि के साथ परिवार, प्रकृति और आस्था से जुड़े भाव भी मिलते हैं। 'माटी के चूल्हा पर माई...' गीत भी इसी परंपरा का हिस्सा है। इसमें मिट्टी के चूल्हे पर खीर बनाने का जिक्र छठ की सादगी और पारंपरिक खानपान को सामने लाता है। आज कई जगह गैस चूल्हे और आधुनिक सुविधाओं के बीच भी लोग खरना का प्रसाद पारंपरिक तरीके से बनाने की कोशिश करते हैं। घरों में महिलाएं इस गीत को गाती हैं और नई पीढ़ी भी इसे सुनकर छठ की परंपराओं से जुड़ती है। यही वजह है कि खरना की शाम यह लोकगीत केवल पूजा का हिस्सा नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति और पारिवारिक विरासत की याद भी बन जाता है।
यह भी पढ़ें: Chhath Puja 2026: कर्ण, द्रौपदी और माता सीता से जुड़ी हैं छठ की कथाएं, जानिए पौराणिक कहानियां?