Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में 2 साधुओं के जले हुए शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल पर टीम को तैनात किया। पुलिस ने घटनास्थल से दोनों साधुओं के अधजले शव को अपने कब्जे में लिया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटनाक्रम में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को हिरासत में ले लिया हैा। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए आरोपी से पूछताछ में जुटी है। साथ ही पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
2 साधुओं के जले शव हुए बरामद
शाहजहांपुर जिले के खुदागंज क्षेत्र में स्थित एक मंदिर परिसर में 2 साधुओं के जले हुए शव मिलने पर इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम के साथ फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। इस पूरे मामले में SP सौरव दीक्षित ने मामले में जानकारी देते हुए कहा कि आज सुबह करीब 7:00 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गांव के बाहर एक देवस्थान में 2 साधुओं के शरीर जले हुए मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर फॉरेन्सिक टीम पहुंची और प्रारंभिक पूछताछ की। इस पूरे मामले में देवस्थान के संरक्षक शिवकुमार ने पुलिस को मामले में लिखित तहरीर दी है।
पुलिस ने नामजद आरोपी को हिरासत में लिया
एसपी के मुताबिक मृतकों की पहचान गोपाल दास और बिहारी दास के रूप में हुई है। इस घटनाक्रम में गांव का ही एक लड़के सुमित को नामजद बनाया है। सुमित कुछ दिन पूर्व जमानत पर छूट कर आया है। वह कुछ दिनों से इस देवस्थान पर दोनों सन्यासियों के साथ उठने बैठने लगा था। गांव वालों ने प्रारंभिक तौर पर इस बात की पुष्टि की है कि दोनों सन्यासियों को उसने एक बार कहा था कि आप दोनों यहां से हट जाएं और मैं यहां रहने वाला हूं। यहां मेरा ही अधिकार होगा। कल देर रात में यह घटना की गई है। दोनों जले शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। नामजद आरोपी सुमित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।