नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज 4 नवंबर को पंजाब के संगरूर जिले के भवानीगढ़ (फगुवाल) में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में तैयारियां चल रही हैं। जनसभा के दौरान राहुल गांधी जनता से संवाद करेंगे और विभिन्न राजनीतिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी इस रैली में शामिल होंगे।
2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस का 'इंसाफ रैली' आज
कांग्रेस पार्टी ने इस कार्यक्रम को 'इंसाफ रैली' नाम दिया है। यह रैली पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस के चुनावी अभियान की शुरुआत मानी जा रही है। संगरूर के फग्गूवाला गांव में रैली के लिए तैयारियां की गई हैं। रैली में पंजाब के किसानों की समस्याओं, धान खरीद, बेरोजगारी, नशे की समस्या, कानून-व्यवस्था, बेअदबी के मामलों और पंजाब के अधिकारों जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद जताई जा रही है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की संभावना है।
बेरोजगारी, नशा, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याओं का मुद्दा
दरअसल, इस 'इंसाफ रैली' के जरिए कांग्रेस पंजाब में साल 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अपने चुनाव अभियान और प्रचार की शुरुआत कर रही है। इस जनसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी राहुल गांधी के साथ मौजूद रहेंगे और जनता को संबोधित करेंगे। कांग्रेस इस रैली के माध्यम से वर्तमान आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार को बेरोजगारी, नशा, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याओं और कर्मचारियों की नाराजगी के मुद्दों पर घेरेगी। राजनीतिक रणनीतियों के तहत कांग्रेस ने इस अभियान की शुरुआत के लिए संगरूर (मालवा क्षेत्र) को चुना है, क्योंकि पंजाब की कुल विधानसभा सीटों में से बड़ा हिस्सा इसी क्षेत्र में आता है।