चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य की जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि लोगों का प्यार और भरोसा ही उन्हें लगातार पंजाब की सेवा करने की ताकत देता है। आगामी विधानसभा चुनावों से पहले मान ने लोगों से अपना स्नेह और आशीर्वाद बनाए रखने की अपील की।

भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि पंजाब के लोगों का अपार प्यार और विश्वास उन्हें दिन-रात राज्य के लिए काम करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से उन्हें राज्य का ‘मुख्य सेवादार’ बनने का मौका मिला और लोगों की सेवा करना उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है। मुख्यमंत्री ने भावुक अंदाज में कहा कि पंजाब की जनता उन्हें इसी तरह अपना प्यार और आशीर्वाद देती रहे, ताकि वह एक बेटे और भाई की तरह राज्य की सेवा करते रहें।

मां से मुलाकात को बताया आत्मिक सुकून देने वाला
भगवंत मान ने लोगों से मुलाकात के बाद अपनी मां से भी मुलाकात की। उन्होंने इस मुलाकात को अपने लिए बेहद भावुक और सुकून देने वाला बताया। मान ने अपनी मां के लिए कहा कि उनसे मिलकर उनके मन को सच्ची शांति मिली और उन्होंने ईश्वर से उनकी मुस्कान हमेशा बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि पंजाब की सेवा के लिए वह हमेशा पूरी निष्ठा के साथ खड़े रहेंगे।

‘सत्कार योजना’ को सफल बनाने के लिए महिलाओं का आभार
मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना’ को बड़े स्तर पर सफल बनाने के लिए पंजाब की माताओं और बहनों का भी धन्यवाद किया। सरकार के मुताबिक, इस योजना के तहत सामान्य वर्ग की पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से भेजी जाती है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, योजना के तहत पहले ही करीब 33 लाख महिलाएं लाभान्वित हो चुकी हैं। अब 35.5 लाख और महिलाओं के खातों में राशि भेजे जाने के बाद लाभार्थियों की कुल संख्या करीब 68.5 लाख होने की बात कही गई है।