पश्चिम बंगाल चुनाव हारने के बाद ममता बनर्जी के इस्तीफा देने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद राज्यपाल ने पश्चिम बंगाल मंत्रिमंडल बर्खास्त कर दिया। ये पूरा निर्णय संवैधानिक प्रक्रिया के तहत हुआ है। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा घटना सामने आया है। राज्य में नई विधानसभा के गठन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुरानी विधानसभा का कार्यकाल समाप्त हो गया और इसके साथ ही मौजूदा मंत्रिमंडल भी प्रभावहीन हो गया। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार विधानसभा की अवधि पांच वर्ष की होती है। वर्ष 2021 में गठित विधानसभा का कार्यकाल 2026 तक था, लेकिन नई सरकार के गठन की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ने के कारण पुरानी व्यवस्था समाप्त कर दी गई। ऐसे में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के औपचारिक इस्तीफे की आवश्यकता भी नहीं रही।

हार के बाद ममता बनर्जी का तीखा रुख

चुनावी नतीजों के बाद तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद छोड़ने से इनकार करते हुए कहा कि यह परिणाम जनता का वास्तविक जनादेश नहीं है, उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं रही और कई सीटों पर मतदाताओं की राय को प्रभावित किया गया। ममता ने दावा किया कि उनकी पार्टी की लड़ाई केवल बीजेपी से नहीं, बल्कि चुनाव संचालन व्यवस्था से भी थी, उन्होंने कहा कि उनकी राजनीतिक लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है और वह जनता के बीच रहकर संघर्ष जारी रखेंगी। ममता बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि मतगणना प्रक्रिया को जानबूझकर धीमा किया गया ताकि उनकी पार्टी का मनोबल कमजोर किया जा सके।

विपक्षी एकता पर रहेगा फोकस

चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी ने संकेत दिए कि अब उनका ध्यान राष्ट्रीय राजनीति और विपक्षी दलों को एकजुट करने पर रहेगा। उन्होंने बताया कि विपक्षी गठबंधन के कई नेताओं ने उनसे संपर्क कर समर्थन जताया। ममता ने कहा कि वह अब एक सामान्य कार्यकर्ता की तरह जनता के बीच रहकर संघर्ष करेंगी और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाती रहेंगी।

कोलकाता में होगा नई सरकार का शपथ ग्रहण

पश्चिम बंगाल में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेज हो रही है। यह कार्यक्रम 9 मई को कोलकाता के प्रसिद्ध ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। समारोह को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और हजारों पुलिसकर्मियों की तैनाती की योजना बनाई गई है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

Written By Toshi Shah