PM Modi Tamil Nadu Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को तमिलनाडु के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, कई योजनाओं की आधारशिला रखेंगे और कुछ परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं में चेन्नई मेट्रो, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे स्टेशन, बंदरगाह और औद्योगिक बुनियादी ढांचे से जुड़े काम शामिल हैं। पीएम मोदी चेन्नई में एक स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह में भी हिस्सा लेंगे।

चेन्नई मेट्रो में सफर करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह करीब 11:30 बजे पोरूर बाइपास स्टेशन से पूनमल्ली बाइपास स्टेशन तक चेन्नई मेट्रो में सफर करेंगे और वापस लौटेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 12:15 बजे वह चेन्नई के जलकंटेश्वरर मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। फिर आईआईटी मद्रास स्थित ब्रेन सेंटर का दौरा करेंगे। दोपहर करीब 1:30 बजे प्रधानमंत्री विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इस दौरान वह कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।

4,900 करोड़ से चेन्नई मेट्रो के दूसरे चरण का उद्घाटन
पीएम मोदी चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण में पूनमल्ली-वडापलानी कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। इस हिस्से के निर्माण पर करीब 4,900 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इस कॉरिडोर में 3.7 किलोमीटर लंबा डबल-डेकर ढांचा भी शामिल है। इसमें आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली लगाई गई है, जिसे भविष्य में बिना ड्राइवर वाली मेट्रो सेवाओं के संचालन में सहायता के लिए तैयार किया गया है। इस परियोजना से चेन्नई के तेजी से विकसित हो रहे पश्चिमी उपनगरों और शहर के केंद्र के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। इससे यात्रियों के रोजाना के सफर का समय कम करने और यातायात का दबाव घटाने में मदद मिल सकती है।

3,700 करोड़ की राजमार्ग परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार
प्रधानमंत्री तमिलनाडु में करीब 3,700 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और कुछ परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनका उद्देश्य सड़क संपर्क बेहतर करना, यात्रा का समय घटाना और यातायात जाम से राहत देना है।

प्रमुख परियोजनाएं
NH-744: वडुगपट्टी-थेरकुवेंगनल्लूर के बीच 36 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले हिस्से का उद्घाटन होगा। इससे क्षेत्र के धार्मिक स्थलों, औद्योगिक केंद्रों और व्यावसायिक क्षेत्रों तक पहुंच बेहतर होने की उम्मीद है।
मदुरै रिंग रोड: NH-744A के 30 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले हिस्से का उद्घाटन किया जाएगा। इससे मदुरै शहर के आसपास यातायात सुगम हो सकता है।
तिरुवारूर बाइपास: नागपट्टिनम-तंजावुर मार्ग पर चार लेन वाले बाइपास की आधारशिला रखी जाएगी। इससे शहर के भीतर से गुजरने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग मिलेगा।

रेलवे परियोजनाओं और पांच अमृत स्टेशनों का उद्घाटन
पीएम मोदी 750 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे बुनियादी ढांचा परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे। इनमें कराईकल-परलम रेल लाइन भी शामिल है, जिससे क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इसके अलावा कोयंबटूर और आसपास के इलाकों में तीन रेल फ्लाईओवर समर्पित किए जाएंगे। इनसे व्यस्त रेलवे क्रॉसिंग पर वाहनों के इंतजार का समय कम करने और सड़क सुरक्षा बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित पांच रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन करेंगे। इनमें पलानी, वेल्लोर कैंटोनमेंट, अंबासमुद्रम, परमकुडी, नमक्कल शामिल हैं ।

चेन्नई और अन्य बंदरगाहों पर बढ़ेंगी सुविधाएं
तमिलनाडु के समुद्री बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए भी कई परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। चेन्नई पोर्ट पर चार परियोजनाओं का उद्घाटन होगा। इनमें पक्का स्टोरेज यार्ड, चार EXIM गोदाम, आधुनिक क्रूज टर्मिनल और नाविकों के लिए क्लब शामिल हैं। इन सुविधाओं से माल के भंडारण और संचालन की क्षमता बढ़ाने, गोदाम सुविधाओं को बेहतर बनाने और क्रूज यात्रियों के लिए आधुनिक व्यवस्था उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

वी.ओ. चिदंबरनार पोर्ट पर आठ प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। इनका उद्देश्य माल और कंटेनर प्रबंधन की क्षमता बढ़ाना, स्वच्छ समुद्री ऊर्जा से जुड़ा बुनियादी ढांचा विकसित करना और लॉजिस्टिक्स को अधिक प्रभावी बनाना है। इसके अलावा कामराजर पोर्ट पर कोल बर्थ-3 परियोजना का उद्घाटन होगा। वहीं, कंटेनर टर्मिनल के पहले चरण के दूसरे हिस्से के लिए कैपिटल ड्रेजिंग कार्य की आधारशिला रखी जाएगी।

चेन्नई की रिफाइनरी में 1,620 करोड़ की परियोजना
प्रधानमंत्री चेन्नई पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (CPCL) की मौजूदा मनाली रिफाइनरी में ग्रुप-II/III ल्यूब ऑयल बेस स्टॉक्स (LOBS) परियोजना की आधारशिला रखेंगे। करीब 1,620 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना की उत्पादन क्षमता 2.70 लाख मीट्रिक टन प्रति वर्ष बताई गई है। इसका उद्देश्य भारत में उच्च गुणवत्ता वाले लुब्रिकेंट बनाने के लिए जरूरी बेस ऑयल का उत्पादन करना है। इससे प्रीमियम लुब्रिकेंट के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

IIT मद्रास के ब्रेन सेंटर को राष्ट्र को करेंगे समर्पित
पीएम मोदी आईआईटी मद्रास में सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सेंटर (SGBC) को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस मौके पर मानव मस्तिष्क की कोशिकीय स्तर पर त्रि-आयामी मैपिंग से जुड़ा वैश्विक वैज्ञानिक मिशन भी शुरू किया जाएगा। इस मिशन के तहत भ्रूण अवस्था से लेकर वृद्धावस्था तक मानव जीवन के विभिन्न चरणों में 100 से अधिक मानव मस्तिष्कों के विस्तृत 3D एटलस तैयार करने का लक्ष्य है। प्रधानमंत्री C-STROKE नामक मानव इस्केमिक स्ट्रोक एटलस भी जारी करेंगे। इसमें स्ट्रोक से प्रभावित मस्तिष्क के 1,000 से अधिक चिह्नित सूक्ष्म सेक्शन शामिल हैं। वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि यह एटलस स्ट्रोक के उपचार के लिए नए लक्ष्यों की पहचान करने में शोधकर्ताओं की मदद करेगा।

स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह में भी होंगे शामिल
प्रधानमंत्री रविवार दोपहर करीब 3 बजे चेन्नई के जैगोपाल गरोडिया हिंदू विद्यालय मैट्रिकुलेशन हायर सेकेंडरी स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लेंगे और लोगों को संबोधित करेंगे। स्कूल के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, अनुशासन, सांस्कृतिक मूल्यों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में संस्थान के योगदान को रेखांकित किया जाएगा। तमिलनाडु दौरे के दौरान मेट्रो, सड़क, रेलवे, बंदरगाह, ऊर्जा और वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़ी परियोजनाओं पर विशेष जोर रहेगा। इन परियोजनाओं से राज्य में परिवहन कनेक्टिविटी, माल ढुलाई और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।