Delhi Restaurant Fire: दिल्ली के वेलकम इलाके में 13 अक्टूबर की रात एक फिश रेस्टोरेंट में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। रेस्टोरेंट में बैठकर खाना खा रहे लोगों के लिए कुछ ही पलों में हालात डरावने हो गए। किचन में आग लगने के बाद ऊपरी मंजिल पर धुआं भरने लगा और बाहर निकलने का रास्ता मुश्किल नजर आने लगा। ऐसे में अपनी जान बचाने के लिए कुछ महिलाओं और पुरुषों ने पहली मंजिल की खिड़की से नीचे छलांग लगा दी। नीचे मौजूद स्थानीय लोगों ने भी आगे बढ़कर उनकी मदद की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।

किचन में आग लगते ही मची चीख-पुकार
यह घटना उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र में जाफराबाद-मौजपुर इलाके की बताई जा रही है। यहां 66 फुटा रोड स्थित उधम फिश रेस्टोरेंट के किचन में अचानक आग लग गई। उस समय रेस्टोरेंट में लोग खाना खा रहे थे। आग और धुएं के बीच लोगों में दहशत फैल गई और हर कोई सुरक्षित बाहर निकलने की कोशिश करने लगा।
रेस्टोरेंट पहली मंजिल पर होने और बाहर निकलने के लिए सीमित रास्ता होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। धुआं बढ़ने पर कुछ लोग खिड़की से बाहर निकलकर नीचे कूदने लगे। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने उनकी मदद की और उन्हें संभालने की कोशिश की।

खिड़की से कूदते दिखे लोग, वीडियो वायरल
घटना के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें महिला समेत कुछ लोग खिड़की से नीचे कूदकर अपनी जान बचाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। नीचे सड़क पर मौजूद लोग उन्हें बचाने के लिए आगे आते नजर आ रहे हैं। अचानक हुई इस घटना ने आसपास मौजूद लोगों को भी घबरा दिया। आग लगने के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

15 मिनट में आग पर पाया गया काबू
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर की रात करीब 10:34 बजे वेलकम थाने को रेस्टोरेंट में आग लगने की सूचना मिली थी। आग किचन में लगी थी। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग को भी जानकारी दी गई और चार फायर टेंडर मौके पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार, रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने भी आग बुझाने की कोशिश की। करीब 10:45 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। यानी दमकलकर्मियों के पहुंचने से पहले ही कर्मचारियों की मदद से आग बुझाए जाने की बात सामने आई है।

कोई घायल नहीं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
राहत की बात यह है कि घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है। हालांकि, रेस्टोरेंट में आग लगने के बाद लोगों को खिड़की से कूदकर जान बचाने की नौबत आने से वहां सुरक्षित निकास की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में किचन में रखे गैस सिलेंडर में आग लगने की बात कही जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। जांच में यह भी देखा जाएगा कि रेस्टोरेंट में अग्नि सुरक्षा और सुरक्षित निकास से जुड़े नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

 

और पढ़ें: महाराष्ट्र में देर रात इमारत में भीषण आग, 15 लोगों का रेस्क्यू; महिला की मौत की आशंका