Manipur Food Poisoning: मणिपुर में शुक्रवार को नाश्ता करने के बाद अचानक 78 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें सीमा सुरक्षा बल (BSF) के 75 जवान और तीन नागरिक शामिल हैं। सभी को इंफाल स्थित रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) में भर्ती कराया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सभी को बार-बार उल्टी होने की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने इसे फूड पॉइजनिंग का मामला बताया है।

RIMS के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट प्रोफेसर डॉ. रमेश्वर सिंह ने समाचार एजेंसी ANI को बताया कि नाश्ता करने के बाद BSF की पूरी कंपनी के जवानों को उल्टी होने लगी। इसके बाद सभी को अस्पताल के आउट पेशेंट डिपार्टमेंट (OPD) में लाया गया। उनके साथ तीन नागरिक भी अस्पताल पहुंचे।

डॉक्टरों की निगरानी में सभी मरीज, इलाज का असर
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, सभी मरीजों को पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ दिए जा रहे हैं, ताकि उनके शरीर में पानी की कमी न हो। डॉक्टरों ने बताया कि मरीज इलाज पर अच्छी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और उनकी हालत में सुधार की उम्मीद है।

डॉ. सिंह ने भरोसा जताया कि सभी मरीज अगले कुछ घंटों में ठीक हो सकते हैं। फिलहाल, सभी का इलाज जारी है।

नाश्ते में क्या खाने से बिगड़ी तबीयत?
फिलहाल, फूड पॉइजनिंग की वजह और नाश्ते में परोसे गए भोजन को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का इंतजार है।

 और पढ़े़ं: CM रेखा गुप्ता ने LNJP अस्पताल में नई अत्याधुनिक मेडिकल मशीनों का किया उद्घाटन