भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार 6, अक्टूबर को भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में 'CM यूथ कॉन्क्लेव-2026' का उद्घाटन किया। जिसके तहत मुख्यमंत्री ने राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घोषणा किया कि राज्य सरकार सभी जिलों के सरकारी कॉलेजों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग उपलब्ध कराएगी।
MP में रिसर्च स्कॉलरशिप 25,000 रुपये प्रति माह
इसके साथ ही सीएम मोहन यादव ने कहा कि, शोधार्थियों को मिलने वाली रिसर्च स्कॉलरशिप 16,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये प्रति माह की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान ‘मध्य प्रदेश-सेवा फर्स्ट-इनोवेशन चैलेंज’ के लिए पंजीकरण भी शुरू किया और उच्च शिक्षा तथा तकनीकी विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
5 करोड़ रुपये का 'आइडिया फंड' बनाएगी सरकार
इसके अलावा उन्होंने घोषणा की कि राज्य के सरकारी कॉलेजों में अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और और एडवांस्ड कंप्यूटिंग लैब बनाई जाएंगी। ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और रोजगारोन्मुखी शिक्षा का लाभ मिल सके। युवाओं में इनोवेशन और स्टार्टअप आइडिया को बढ़ावा देने के लिए राज्य स्तर पर 5 करोड़ रुपये का 'आइडिया फंड' बनाया जाएगा।
MPPSC की परीक्षा वर्ष में दो बार आयोजित होगी
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यह भी कहा कि युवाओं को अधिक अवसर देने के लिए मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की परीक्षा वर्ष में दो बार आयोजित करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 को राज्य में ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा और इस दौरान युवाओं से सुझाव लेकर नई योजनाएं लागू की जाएंगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार रोजगार, कौशल विकास और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। उनका उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें रोजगार तथा उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।