उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार की देर रात एक चलती हुई स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। यह दुर्घटना यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से करीब 32 किलोमीटर आगे जेवर थाना क्षेत्र में हुई। जिस समय ये हादसा हुआ बस में करीब 35 यात्री सवार थे। इस हादसे में 9 लोगों की जलकर मौत होने की खबर मिली है।

बस में आग लगने के बाद यात्रियों के बीच मची अफरातफरी

बस में आग लगने के बाद यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई, जिसके बाद कई लोगों ने बस की खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई। जबकि कुछ यात्री तेज आग की चपेट में आ गए। बस में आग किन कारणों से लगी पुलिस इसकी जांच कर रही है। दरअसल, ये राज कल्पना ट्रैवल्स की बस नंबर BR32 PA8647 दिल्ली से महोबा जा रही थी और इसी बीच यह दुर्घनाग्रस्त हो गई। इस ट्रैवलर की ज्यादातर सर्विस उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लिए है।

बस में तकरीबन 40 से 50 यात्रियों के सवार होने की संभावना

इस मामले में ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि बस में आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में अफरा तफरी मच गई और लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए बस से कूदना शुरू कर दिया। आग की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची तथा आग बुझाने में जुट गई। काफी प्रयास करने के बाद फायर विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया। हादसे में 9 लोगों की जान गई है और उस समय बस में तकरीबन 40 से 50 यात्री सवार थे।

CM योगी ने घटना का संज्ञान लेते हुए संवेदना प्रकट की

इस घटना में कुछ लोगों के अभी भी बस में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। फायर विभाग के अधिकारियों का कहना है रेस्क्यू के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि बस के अंदर फंसे लोगों की स्थिति क्या है और इस हादसे की चपेट में कुल कितने लोग आए हैं। ग्रेटर नोएडा बस हादसे को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए, हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।