KPSC Recruitment Scam: कर्नाटक लोक सेवा आयोग (KPSC) की भर्ती प्रक्रिया में कथित रिश्वतखोरी और पेपर लीक के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ा खुलासा किया है। एजेंसी ने 400 पशु चिकित्सा अधिकारी पदों की भर्ती में अनियमितताओं को लेकर KPSC के तत्कालीन चेयरमैन शिवशंकरप्पा साहुकार समेत चार लोगों के खिलाफ विशेष PMLA अदालत में अभियोजन शिकायत (चार्जशीट) दाखिल की है। आरोपियों पर सरकारी पदों का दुरुपयोग करने, अभ्यर्थियों से लाखों-करोड़ों रुपये की रिश्वत लेने और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगाए गए हैं।

ED के बेंगलुरु जोनल कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 की धारा 44 और 45 के तहत यह शिकायत दाखिल की है। चार्जशीट में साहुकार के अलावा KPSC सदस्य बीवी गीता शिवमूर्ति, तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक और IAS अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार तथा बसवराज कन्नाले को आरोपी बनाया गया है।

पेपर लीक कर अभ्यर्थियों से मांगे गए 3.20 करोड़ रुपये

ED के मुताबिक, 9 जनवरी 2026 को कर्नाटक सरकार के पशुपालन एवं मत्स्य विभाग में 400 पशु चिकित्सा अधिकारी पदों के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। जांच में सामने आया कि KPSC के तत्कालीन चेयरमैन, एक सदस्य और तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक ने बसवराज कन्नाले समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर कथित तौर पर भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी की।

एजेंसी का आरोप है कि अभ्यर्थियों को चयन का भरोसा दिलाकर उनसे अवैध रकम मांगी गई। इसके लिए प्रश्नपत्रों के सही उत्तरों के साथ लीक करने, उम्मीदवारों की अलग-अलग आंसर-की उपलब्ध कराने और 1:3 पात्रता सूची का दुरुपयोग करने का तरीका अपनाया गया।

ED की जांच में सामने आया कि तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक गंगवार ने गोपनीय प्रश्नपत्रों की अंतिम ड्राफ्ट कॉपी से प्रश्न और सही उत्तर कॉपी किए। इसके बाद उन्होंने पेन ड्राइव के जरिए यह सामग्री अपने करीबी बसवराज कन्नाले को दी और कथित तौर पर कॉपी करने में इस्तेमाल डिवाइस को नष्ट कर दिया।

बेंगलुरु के बाहर विला में बांटे गए प्रश्नपत्र

ED के अनुसार, बसवराज कन्नाले ने प्रश्नपत्रों के प्रिंटआउट निकलवाए और परीक्षा से एक दिन पहले बेंगलुरु के बाहरी इलाके में स्थित विला में अभ्यर्थियों के बीच वितरित किए।

आरोप है कि उसने 10 उम्मीदवारों से कुल 3.20 करोड़ रुपये की मांग की थी। इसमें से 1.52 करोड़ रुपये वसूल किए गए। इस रकम में 92 लाख रुपये बैंकिंग माध्यम से और 60 लाख रुपये नकद लिए गए। बाकी रकम के लिए खाली हस्ताक्षरित चेक और प्रॉमिसरी नोट हासिल किए गए। बाद में पेन ड्राइव नष्ट करने और प्रश्नपत्रों को जलाने का भी आरोप है।

KAS परीक्षा में नंबर बढ़वाने के बदले भी रिश्वत का आरोप

ED ने अपनी जांच में KPSC के तत्कालीन चेयरमैन साहुकार, गंगवार और सदस्य गीता के बीच भी कथित लेनदेन का खुलासा किया है।

एजेंसी के मुताबिक, साहुकार के कहने पर गंगवार ने परीक्षा से ठीक पहले छह उम्मीदवारों की सही आंसर-की गीता को उपलब्ध कराई। इसके बदले साहुकार की पसंद के एक उम्मीदवार को KAS परीक्षा के इंटरव्यू में अधिक अंक दिलाने का आश्वासन दिया गया था।

ED का आरोप है कि साहुकार ने एक अभ्यर्थी से 20 लाख रुपये के तय सौदे में से 10 लाख रुपये नकद लिए। वहीं, गीता ने 8 जनवरी 2026 को अपनी कार में एक अन्य उम्मीदवार से 40 लाख रुपये की मांग के मुकाबले 20 लाख रुपये नकद लिए।

किस आरोपी पर कितनी रकम की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप?

शिवशंकरप्पा साहुकार: 4.17 करोड़ रुपये।

बीवी गीता शिवमूर्ति: 1.48 करोड़ रुपये।

ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार: 1.52 करोड़ रुपये।

बसवराज कन्नाले: 1.52 करोड़ रुपये।

एजेंसी के अनुसार, रिश्वत की रकम नकद और अलग-अलग बैंक खातों के जरिए जुटाई गई। इसमें ओम लक्ष्मी सौहार्द सहकारी संघ, भालकी (बीदर) और अन्य तीसरे पक्ष के बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद रकम को फर्जी बचत खातों, कन्नाले के अकाउंटेंट, उसकी फर्म भगवती एंटरप्राइजेज और उसके दोस्तों के खातों के जरिए इधर-उधर किया गया।

सोने-हीरे के गहने खरीदे, संपत्तियों में भी लगाया पैसा

ED के मुताबिक, गंगवार ने कन्नाले से कथित तौर पर 1.52 करोड़ रुपये नकद हासिल किए। इस रकम में से 52.30 लाख रुपये के सोने और हीरे के आभूषण अपनी मंगेतर के नाम पर खरीदे गए। वहीं, 13.31 लाख रुपये का हवाई यात्रा खर्च तीसरे पक्ष के खातों के जरिए किया गया।

जांच एजेंसी का आरोप है कि कन्नाले ने कई छोटे नकद जमा के जरिए अघोषित रकम को बैंकिंग सिस्टम में डाला और उसे कारोबार से हुई कमाई के रूप में दिखाया। इसके अलावा रकम को कर्ज के रूप में भी दर्शाया गया और अपने तथा रिश्तेदारों के नाम पर अचल संपत्तियों में निवेश किया गया।

साहुकार पर अगस्त से दिसंबर 2025 के बीच 3.99 करोड़ रुपये नकद छिपाने का आरोप है। ED का दावा है कि इससे पहले उनके पास 8 से 10 करोड़ रुपये तक की अघोषित नकदी थी, जिसे एक रियल एस्टेट डेवलपर के पास रखा गया था। एजेंसी के अनुसार, उन्होंने अपनी जमीन पर स्कूल, कन्वेंशन हॉल और रेस्टोरेंट बनाने के लिए भी कथित अपराध से अर्जित रकम का इस्तेमाल करने की योजना बनाई थी।

वहीं, गीता पर खुद और अपनी बेटी के नाम पर एक करोड़ रुपये को असुरक्षित कर्ज के रूप में दिखाकर हासिल करने का आरोप है।

ED ने 37 ठिकानों पर की थी छापेमारी

इस मामले में ED ने PMLA की धारा 17 के तहत KPSC कार्यालय समेत 37 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया था। इसके बाद एजेंसी ने 17 सितंबर को बसवराज कन्नाले, 18 सितंबर को ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार और 6 अक्टूबर को साहुकार तथा गीता को गिरफ्तार किया था।

फिलहाल साहुकार, गंगवार और कन्नाले न्यायिक हिरासत में हैं। ED ने आरोपियों की 1.22 करोड़ रुपये की संपत्तियां भी कुर्क की हैं।

एजेंसी का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। इसमें KPSC के अन्य अधिकारियों और बिचौलियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है, खासकर 1:3 पात्रता सूची के कथित दुरुपयोग को लेकर। 

और पढ़ें: PM मोदी ने 'ASEAN' देशों को दिया सहयोग का मंत्र, बोले- प्रतिस्पर्धा से नहीं, सहयोग से बनेगा भविष्य