पश्चिम बंगाल की राजनीति में इन दिनों सियासी समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। नंदीग्राम उपचुनाव में टीएमसी उम्मीदवार के नामांकन वापस लेने और इसके बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन देने के ऐलान ने दोनों दलों के बीच संभावित तालमेल को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं।
इसी बीच तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद कल्याण बनर्जी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया है। हुगली में रविवार, 20 सितंबर को उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन सक्रिय है और काम कर रहा है, उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार ममता बनर्जी के संपर्क में हैं।
नंदीग्राम सीट कांग्रेस के लिए छोड़े जाने का दावा
कल्याण बनर्जी के मुताबिक, नंदीग्राम सीट भी कांग्रेस के लिए छोड़ी गई है। इससे पहले टीएमसी उम्मीदवार के नामांकन वापस लेने के बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को समर्थन देने की घोषणा की थी। हालांकि, इस घटनाक्रम के बीच कांग्रेस उम्मीदवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
मिलन प्रधान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है और उन्हें 3 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। उनके खिलाफ अवैध हथियार रखने और हत्या से जुड़े मामलों में एफआईआर दर्ज होने की बात सामने आई है। इसके अलावा भी उन पर कई अन्य मामलों में आरोप हैं।
जेल में होने से प्रचार पर असर
मिलन प्रधान की गिरफ्तारी का सीधा असर उनके चुनाव प्रचार पर पड़ सकता है। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक 4 अक्टूबर प्रचार का अंतिम दिन है, जबकि 6 अक्टूबर को मतदान होना है। ऐसे में हिरासत में रहने के कारण उनके लिए चुनाव प्रचार करना संभव नहीं होगा।
अधीर रंजन चौधरी को लेकर भी साधा निशाना
कांग्रेस के साथ पश्चिम बंगाल में तालमेल को लेकर कल्याण बनर्जी ने पार्टी के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में टीएमसी और कांग्रेस के बीच समन्वय की समस्या के पीछे मुख्य वजह अधीर रंजन चौधरी हैं। टीएमसी सांसद ने आरोप लगाया कि अधीर रंजन चौधरी का विरोध मुख्य रूप से ममता बनर्जी के खिलाफ है और वह बीजेपी तथा सीपीएम के खिलाफ उसी तरह मुखर नहीं हैं।
उन्होंने कांग्रेस नेता अब्दुल मन्नान का भी जिक्र किया और कहा कि ऐसे नेताओं की वजह से गठबंधन को लेकर दिक्कतें पैदा हो रही हैं। कल्याण बनर्जी ने अंत में कहा कि अब इस मुद्दे पर पश्चिम बंगाल कांग्रेस को अपना फैसला लेना है, उनके बयान के बाद राज्य में टीएमसी और कांग्रेस के बीच संभावित राजनीतिक तालमेल को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।
ये भी पढ़ें- आज सोमवार को क्यों बंद हैं बैंक ? जानें छुट्टी की वजह