BIHAR NEWS: बिहार के जमुई में कोचिंग क्लास से लौट रहे नाबालिग लड़के और लड़की से मारपीट कर छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।

जमुई पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की जांच जारी है। वहीं इस पूरे मामले का वीडियो वायरल करने वालों पर पुलिस सख्ती बरतने में लगी हुई। बता दें कि छात्र-छात्रा मामले का वीडियो वायरल करने पर पुलिस ने 120 सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ FIR दर्ज की है।

बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज

जमुई के SP विश्वजीत दयाल के मुताबिक घटना 19 सितंबर को शाम करीब 6-7 बजे हुई। मुंगेर पुलिस रेंज के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) राकेश कुमार ने बताया कि मामले में पुलिस ने अभी तक 3 लोगों को गिरफ़्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों के ख़िलाफ़ आगे की कार्रवाई जारी है। जमुई के SDPO IPS दीप्ति मोनाली का कहना है कि शिकायत के आधार पर 'प्रोटेक्शन ऑफ़ चिल्ड्रन फ़्रॉम सेक्सुअल ऑफ़ेंसेज़' (POCSO) एक्ट और 'भारतीय न्याय संहिता' (BNS) की धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है।

क्या बोली ADG कानून-व्यवस्था

ADG, कानून-व्यवस्था के. एस. अनुपम का कहना है कि, जमुई में 19 तारीख को एक नाबालिग लड़की अपने दोस्त के साथ फोटो खींचने गई थी। उसी समय वहां कुछ नाबालिग छात्र और युवक आए और लड़की के साथ छेड़खानी की। सूचना मिलने पर लड़की के घर जाकर पुलिस ने बयान दर्ज किया। इसके बाद जमुई पुलिस के द्वारा 3 नाबालिग बच्चों को पकड़ा गया है। 2 अन्य के शामिल होने की जानकारी मिली है। विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पॉक्सो की धारा भी लगाई गई है।

पीड़िता मांगती रही मदद

रात के समय स्कूटी के पास खड़े एक युवक और युवती को एक गिरोह ने चारों तरफ से घेर लिया। इस दौरान चेहरे पर गमछा बांधे एक युवक ने लड़की को पीछे से दबोचकर गलत तरीके से छुआ। उसे गोद में उठाया और भागने की कोशिश भी की। वीडियो में लड़की हाथ जोड़कर उन लड़कों से उन्हें जाने देने की गुज़ारिश करती हुई दिख रही है। जबकि पीड़िता खुद को बचाते हुए चिल्लाती और मदद मांगती दिख रही है। इस घटना पर उठे भारी जनाक्रोश ने पुलिस पर सख्ती बरती। मामले में पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

 सवालिया घेरे में पुलिस

जमुई में हुई इस मामले में पुलिस 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की बानगी करती नहीं थक रही तो वहीं दूसरी तरफ इस वारदात के बाद बिहार पुलिस प्रशासन की कलई खोलकर रख दी। पुलिस अब इस मामले में जहां लोगों के सवालों से बचने का प्रयास कर रही है, तो वहीं दूसरी तरफ सरकार भी अब इस मामले में अपने दामन को दागदार होने से नहीं बचा पा रही है।


यह भी पढ़ें: विदेश मंत्री डॉ.एस. जयशंकर पहुंचे न्यूयॉर्क: 81वीं यूनाइटेड नेशंस जनरल असेंबली में हुए शामिल