अहमदाबाद: गुजरात के आनंद जिला स्थित अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर बुधवार 30 सितंबर को तड़के सुबह 4 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस घटना में सूरत से राजस्थान जा रही एक लग्जरी बस एवं ट्रक के बीच अचानक जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 5 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूरत से राजस्थान जा रही बस-ट्रक टक्कर से यात्रियों में मची चीख-पुकार

बताया जा रहा है कि यह हादसा उस समय हुआ जब बस में सवार ज्यादातर यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 'साई दर्शन ट्रैवल्स' की यह लग्जरी बस सूरत से यात्रियों को लेकर राजस्थान की ओर जा रही थी। इसी दौरान बुधवार सुबह तड़के करीब 4 बजे, जब बस वडोदरा-अहमदाबाद एक्सप्रेसवे पर आनंद जिले से नडियाद की ओर जा रही थी, ठीक तभी बस एवं ट्रक के बीच अचानक से भीषण टक्कर हो गई। दोनों वाहनों के बीच टक्कर होते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-एम्बुलेंस का राहत कार्य शुरू

हालांकि, दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं एम्बुलेंस की राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू कर दिया। पुलिस और वहां पहुंची राहत टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और हादसे में गंभीर रूप से घायल उन 5 यात्रियों को तुरंत अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। जबकि वहीं हादसे में मृत 5 लोगों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

चालक द्वारा ओवरटेक करने के कारण हुई 5 यात्रियों की मौत

पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, यह आशंका जताई जा रही है कि चालक द्वारा ओवरटेकिंग करने के दौरान उनका वाहन से नियंत्रण हट गया और दुर्घटना हो गई। माना जा रहा है कि तड़के नींद की झपकी आने के कारण यह घटना घटी है। हालांकि, हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर यातायात को सामान्य करा दिया तथा इस हादसे की घटना में अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

 ये भी पढ़ें-SIR नोटिस के बाद दिल्ली में मतदाताओं की बढ़ी मुश्किलें, केंद्रों के लगा रहे चक्कर, घर-घर सुनवाई के आदेश बेअसर