जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र में दोमुहानी मरीन ड्राइव के पास हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला।

खड़े ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार कार

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे एक भारी ट्रक खराब होने के बाद मरीन ड्राइव की सड़क पर खड़ा था। गुरुवार तड़के तेज रफ्तार से आ रही कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और वाहन ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गया।

गैस कटर से काटनी पड़ी कार

हादसे के बाद कार में सवार लोगों को बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया। राहत-बचाव टीम ने गैस कटर की सहायता से कार को काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में चार लोगों की जान चली गई।

चार मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान तृषा सिंह, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के तौर पर की गई है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजे जाने की जानकारी दी है। हादसे की सूचना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

हादसे से झारखंड में शोक

घटना की खबर सामने आने के बाद झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी शोक की लहर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दोनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

ये भी पढ़ें- जमुई के बाद समस्तीपुर में दिनदहाड़े युवती के साथ 'बैड टच', वीडियो वायरल; हिरासत में 4 युवक

संतान को खोने का दर्द शब्दों से परे- मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संदेश में कहा कि जमशेदपुर में हुए सड़क हादसे में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी और अन्य लोगों के निधन की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि संतान को खोने का दर्द किसी भी माता-पिता के लिए असहनीय होता है। मुख्यमंत्री ने इस मुश्किल समय में दीपिका पांडेय सिंह और सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।