बिहार के जमुई में छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आने के बाद अब समस्तीपुर में भी ऐसी ही घटना ने चिंता बढ़ा दी है। यहां दिनदहाड़े एक युवती को कुछ युवकों ने रास्ते में रोक लिया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को हिरासत में लिया है।
बाइपास रोड पर युवती को रोककर की गई बदसलूकी
घटना समस्तीपुर जिला मुख्यालय से कुछ दूरी पर स्थित कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, बांध बाइपास रोड पर युवती कुछ देर के लिए रुकी थी और वहां तस्वीरें ले रही थी। इसी दौरान कुछ युवक उसके पास पहुंचे और उसे घेर लिया।
आरोप है कि युवकों ने युवती के साथ बदसलूकी की और उसे अनुचित तरीके से छुआ। इस दौरान मौके पर मौजूद एक अन्य युवक ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
वीडियो में गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार का आरोप
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कुछ युवक युवती से सवाल-जवाब करते और गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवती के साथ अभद्रता किए जाने और उसे सड़क पर खींचने का भी आरोप सामने आया है। घटना के वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान शुरू की।
पुलिस ने 4 युवकों को हिरासत में लिया
वीडियो सामने आने के बाद समस्तीपुर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की। जांच के दौरान पुलिस ने चार युवकों को चिह्नित कर हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे घटना को लेकर पूछताछ कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनकी पहचान के प्रयास जारी हैं। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें- Gold-Silver Price: सोने के भाव में फिर उछाल, चांदी भी हुई महंगी; जानिए दिसंबर तक कहां पहुंच सकते हैं दाम
दो आरोपियों की पहचान की जानकारी
हिरासत में लिए गए चार युवकों में से दो की पहचान किए जाने की जानकारी सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि हिरासत में लिए गए युवकों में से एक के खिलाफ शराबबंदी कानून से जुड़े कई मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।