लखनऊ : शिक्षा, रोजगार और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर 20 अगस्त को गोरखपुर के चौरी चौरा से शुरू हुई जस्टिस मोर्चा की ‘जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा’ 42वें दिन लखनऊ पहुंच गई। आयोजकों के अनुसार, यात्रा ने अब तक 13 जिलों में करीब 1500 किलोमीटर की दूरी तय की है।

बुधवार को यात्रा पीजीआई से शुरू हुई और तेलीबाग, के.के.सी. चौराहा, गांधी प्रतिमा तथा हजरतगंज स्थित डॉ. आंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए लखनऊ विश्वविद्यालय पहुंची। इसके बाद यात्रा अपने अंतिम पड़ाव काकोरी शहीद स्मारक पहुंची। रास्ते में स्थानीय लोगों और नेताओं ने कई स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया।

स्कूल-कॉलेजों में युवाओं से संवाद

आयोजकों के मुताबिक, पिछले 42 दिनों के दौरान यात्रा में शामिल लोगों ने विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में छात्रों और युवाओं से संवाद किया। इसके अलावा कस्बों, बाजारों और गांवों में नुक्कड़ सभाओं के जरिए शिक्षा, रोजगार, परीक्षा व्यवस्था, युवाओं के अवसर और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए और शिक्षा तथा रोजगार से जुड़ी समस्याओं को सामने रखा। आयोजकों का कहना है कि यात्रा का उद्देश्य युवाओं की आवाज को एक मंच उपलब्ध कराना और उनके सवालों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाना है।

1 अक्टूबर को ‘जेन ज़ी कनेक्ट’ सभा

लखनऊ पहुंचने के बाद 1 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे से गांधी भवन स्थित कस्तूरबा सभागार में ‘जेन ज़ी कनेक्ट’ सभा आयोजित की जाएगी।

इस दौरान यात्रा के दौरान सामने आए छात्रों और युवाओं के सवालों तथा उनके अनुभवों पर चर्चा होगी। शिक्षा, रोजगार और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दे भी सभा के केंद्र में रहेंगे।

गांधी जयंती पर ‘नागरिक मार्च’

वहीं, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर दोपहर 2 बजे से ‘नागरिक मार्च’ प्रस्तावित है। यह मार्च परिवर्तन चौक से शुरू होकर गांधी प्रतिमा और हजरतगंज चौराहे तक जाएगा।

जस्टिस मोर्चा के अनुसार, मार्च में देश के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे जन आंदोलनों और संघर्षों से जुड़े लोग शामिल होंगे। इसमें युवाओं और नागरिकों के सवालों को सामने रखने के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की जाएगी।

जस्टिस मोर्चा ने युवाओं, छात्रों, नागरिक समाज और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले लोगों से 1 और 2 अक्टूबर के कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।

यह भी पढ़ें: मंगलुरु ऑयल रिफाइनरी में जोरदार धमाका, भूकंप जैसे महसूस हुए झटके