उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक कुमार उर्फ रसिक दुलारी सरन ने शुक्रवार को चौथी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। गंभीर रूप से घायल हालत में उन्हें सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही वृंदावन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
डेढ़ साल से आश्रम के पीछे की सोसाइटी में रह रहे थे दीपक
पुलिस के मुताबिक, दीपक कुमार संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम के पीछे स्थित एक सोसाइटी के फ्लैट में करीब डेढ़ साल से रह रहे थे। वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे, बताया जा रहा है कि उन्होंने फरवरी 2025 में प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी। एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में चौथी मंजिल से गिरने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
घटना से आश्रम में मचा हड़कंप
दीपक कुमार के इस कदम से आश्रम और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। फिलहाल आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आश्रम से जुड़े लोगों और सोसाइटी में रहने वाले अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।
ये भी पढ़ें- ईरान ने होर्मुज खोलने का दिया प्रस्ताव, ट्रंप ने बदल दिया नाम; ‘ट्रंप स्ट्रेट’ की घोषणा
आश्रम की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं सामने
इस मामले में अभी तक आश्रम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, सोसाइटी में रहने वाले लोग भी इस घटना पर कुछ बोलने से बच रहे हैं। दीपक कुमार के अचानक उठाए गए इस कदम ने सभी को हैरान कर दिया है।