नई दिल्ली: दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने भाजपा नेता और दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा की पुनरीक्षण याचिका पर आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सौरभ भारद्वाज से जवाब मांगा है। यह याचिका उस मजिस्ट्रेट कोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए दाखिल की गई है, जिसमें प्रवेश वर्मा की ओर से दायर आपराधिक मानहानि की शिकायत खारिज कर दी गई थी।

कोर्ट ने AAP नेता सौरभ भारद्वाज से मांगा जवाब

इस मामले में विशेष न्यायाधीश रूबी नीरज कुमार ने 5 नवंबर को मामले की सुनवाई करते हुए सौरभ भारद्वाज को नोटिस जारी किया और अदालत में उन्हें अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया। मामले की अगली सुनवाई 28 नवंबर 2026 को निर्धारित की गई।

इस मामले को लेकर हुई विवाद की शुरूआत

दरअसल, यह विवाद पश्चिमी दिल्ली के एसएस मोटा सिंह पब्लिक स्कूल और उससे जुड़े ट्रस्ट से जुड़ा है। इस मामले में मई 2026 में सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और अन्य माध्यमों पर कुछ पोस्ट और वीडियो साझा किए थे। जिसके बाद प्रवेश वर्मा का आरोप था कि सौरभ भारद्वाज ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्हें स्कूल के ट्रस्ट, उसकी नियुक्तियों और एक नाबालिग बच्ची से जुड़े POCSO मामले के आरोपियों को कथित संरक्षण देने से जोड़ने की कोशिश की।

वर्मा का आरोप सामाजिक-राजनीतिक प्रतिष्ठा का नुकसान

प्रवेश वर्मा ने दावा किया कि इन पोस्ट में उनके खिलाफ भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और सरकारी फाइलें गायब कराने जैसे आरोपों का संकेत दिया गया। जिससे उनकी और उनके परिवार की सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। जिसे लेकर प्रवेश वर्मा ने सौरभ भारद्वाज के खिलाफ आपराधिक मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, 10 अक्टूबर 2026 को राऊज एवेन्यू कोर्ट की अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा मित्तल ने शिकायत पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया था। अदालत ने अपने आदेश में कहा था कि सौरभ भारद्वाज की सोशल मीडिया पोस्ट सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने और उसकी आलोचना करने के संदर्भ में थीं। केवल सवाल पूछना अपने आप में मानहानि नहीं माना जा सकता।
 

ये भी पढ़ें- परिसीमन से बदलेगा देश का राजनीतिक नक्शा? 850 सीटें और महिला आरक्षण पर केंद्र का दांव, जानें मोदी सरकार का प्लान