लखनऊ: समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसके सहयोगी दलों के कई विधायक उनकी पार्टी के संपर्क में हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि सभी को पार्टी में समायोजित करना आसान नहीं है और सपा ऐसे वादे नहीं करना चाहती जिन्हें बाद में पूरा न कर सके।
BJP के कई विधयक SP के संपर्क मे : अखिलेश
राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, “कई लोग संपर्क में हैं, लेकिन उन्हें कैसे समायोजित किया जाए? हम ऐसा कोई वादा नहीं करना चाहते जिसे बाद में निभा न सकें।” उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं।
अखिलेश ने कहा- लोकतंत्र में ईमानदारी जरूरी
अखिलेश यादव ने संकेत दिया कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा अपने मौजूदा सहयोगियों के साथ ही चुनाव मैदान में उतर सकती है। उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर जल्द ही तस्वीर साफ की जाएगी। राज्यसभा चुनाव पर बोलते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि लोकतंत्र में ईमानदारी जरूरी है। भाजपा पर आरोप लगाते हुए 2024 के राज्यसभा चुनाव में क्रॉस-वोटिंग को लेकर उन्होंन कहा कि यदि पिछली बार बेईमानी नहीं हुई होती तो समाजवादी पार्टी के तीन राज्यसभा सांसद होते।
बीजेपी की किसी भी बात पर भरोसा न करें : अखिलेश
मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने संकेत देते हुए कहा कि पार्टी अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश चुनाव उन्हीं सहयोगियों के साथ लड़ेगी जिनके साथ उसने हाल के कुछ चुनाव लड़े थे इसके साथ ही राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंन कहा कि चंदा चोरी से बड़ी अर्थव्यवस्था नहीं बनाई जा सकती। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि "बीजेपी की किसी भी बात पर भरोसा न करें... बीजेपी का विकास मॉडल भ्रष्टाचार पर आधारित है।"