उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकुंभ सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर सड़कों के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसी संदर्भ में रास्ते में आ रहे मकानों के साथ-साथ धार्मिक स्थलों को भी हटाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक दर्जनभर धार्मिक स्थलों को हटाया जा चुका है।

मंदिरों को तोड़ा नहीं, सुरक्षित रखते हुए खिसकाया गया

इस संदर्भ में उज्जैन के जिला कलेक्टर का कहना है कि सड़कों के चौड़ीकरण अभियान के तहत रास्ते में कुल 14 धर्मस्थल आ रहे थे, जिनमें से प्रशासन एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से अब तक 12 धर्मस्थलों को शांतिपूर्वक हटाया जा चुका है। इनमें से कई प्राचीन मंदिरों को तोड़ा नहीं गया, बल्कि उन्हें पूरी तरह सुरक्षित रखते हुए सिर्फ पीछे की ओर खिसकाया गया है।

शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा सड़क चौड़ीकरण अभियान

सड़क चौड़ीकरण अभियान को लेकर उज्जैन के जिला कलेक्टर का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य है और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई है। प्रशासन, पुलिस एवं समुदाय के प्रतिनिधि लगातार संपर्क में हैं ताकि कार्य शांतिपूर्ण ढंग से पूरा हो सके। इस तरह सड़क चौड़ीकरण सार्वजनिक सुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ अफवाहों से बचने की अपील

हालांकि इससे पहले मस्जिद के हिस्से को हटाने को लेकर इलाके में तनाव एवं विरोध प्रदर्शन के साथ कुछ स्थानों पर पथराव एवं पुलिस कार्रवाई की घटनाएं भी देखने को मिली थी। जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। अभी फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है एवं लोगों को अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

 ये भी पढ़ें-BJP की अहम संगठनात्मक बैठक आज, नितिन नवीन करेंगे राज्य प्रभारियों के साथ चुनावी मंथन