Zaheer Khan First Reaction: पांच बार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) जीतने वाली चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने अनुभवी तेज गेंदबाज जहीर खान को आईपीएल 2027 के लिए टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया है।
प्रेस रिलीज अनुसार, अनुभवी तेज गेंदबाज ने स्टीफन फ्लेमिंग की जगह ली है, जो 16 वर्षों से इस भूमिका में थे और उन्होंने पांच आईपीएल खिताब दिलाने में मदद की थी। खान हाल ही में लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर थे, लेकिन 2025 में दोनों अलग हो गए।
2018 से 2022 तक मुंबई के लिए किया काम
जहीर खान 2018 से 2022 तक मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े रहे, जहां उन्होंने पहले क्रिकेट संचालन निदेशक के रूप में कार्य किया और बाद में वैश्विक विकास प्रमुख बन गए, क्योंकि मालिकों ने अपना पोर्टफोलियो बढ़ाया और दुनिया भर में टी20 टीमों का अधिग्रहण किया।
हालांकि, सीएसके के साथ उनका यह पहला कार्यकाल होगा, जिसमें वह मुख्य कोच के रूप में काम करेंगे। जहीर के पास विभिन्न प्रारूपों में व्यापक अनुभव है, उन्होंने 14 साल के करियर में भारत के लिए 92 टेस्ट, 200 वनडे और 17 टी20 मैच खेले हैं। आईपीएल में जहीर ने 100 मैच खेले हैं और संन्यास के बाद कोचिंग की भूमिका निभाने लगे।
चेन्नई ने जताई खुशी
चेन्नई सुपर किंग्स के नए हेड कोच नियुक्त किए जाने पर सीएसके के मालिक रूपा गुरुनाथ ने कहा,
"हमें जहीर खान को चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कोच के रूप में नियुक्त करने की पुष्टि करते हुए खुशी हो रही है। जहीर का शानदार खेल करियर और युवा प्रतिभाओं को निखारने की उनकी सिद्ध क्षमता उन्हें हमारी टीम के लिए एक मूल्यवान सदस्य बनाती है। हमें विश्वास है कि उनका मार्गदर्शन इस फ्रेंचाइजी की नींव को मजबूत करने में सहायक होगा।"
एस. विश्वनाथन ने बताया विश्व स्तरीय गेंदबाज
चेन्नई सुपर किंग्स के प्रबंध निदेशक के. एस. विश्वनाथन ने कहा,
"जहीर एक विश्व स्तरीय गेंदबाज हैं और वर्षों से कई युवा क्रिकेटरों, विशेषकर तेज गेंदबाजों के मार्गदर्शक रहे हैं। एक खिलाड़ी के रूप में, 2000 के दशक में भारत की सफलता के प्रमुख कारणों में से एक जहीर थे। वे क्रिकेट की बेहतरीन समझ रखने वाले व्यक्ति हैं और हम उन्हें अपने परिवार में शामिल करने के लिए उत्सुक हैं।"
यह मेरे लिए सम्मान की बात- जाहीर खान
आईपीएल इतिहास की सबसे सफल फ्रेंचाइजी के मुख्य को बनने पर जहीर खान ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा,
"आईपीएल के इतिहास की सबसे सफल टीमों में से एक का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। एक क्रिकेटर के तौर पर मैंने सीएसके का सामना मैदान पर किया है और मुझे उन मुकाबलों में बेहद मजा आया है। चेपॉक स्टेडियम में सुपरफैंस द्वारा बनाया गया माहौल इसे और भी खास बना देता है। मैं इस समृद्ध इतिहास वाली प्रतिष्ठित फ्रेंचाइजी से जुड़ने के लिए बेहद उत्साहित हूं।"
ये भी पढ़ें- चेन्नई सुपर किंग्स को मिला नया हेड कोच, स्टीफन फ्लेमिंग की जगह लेगा ये तेज गेंदबाज