India Beat Japan: भारतीय महिला टीम ने 2026 एशियाई खेलों के क्वार्टर फाइनल में जापान को आठ विकेट से हराकर शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया और बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
इस परिणाम से महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल की टीमों की सूची भी दोहराई जाएगी, जिसमें श्रीलंका दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान का सामना करेगा।
जापान की टीम 57 रन पर ऑल आउट
टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला करने के बाद, भारत के गेंदबाजों ने जापान की बल्लेबाजी को ध्वस्त कर दिया और मेजबान टीम को 19.5 ओवरों में मात्र 57 रनों पर ही रोक दिया।
जापान की ओर से सलामी बल्लेबाज हारुना इवासाकी ने 22 गेंदों पर 10 रन बनाए तो अयाका काटो-स्टैफोर्ड ने 47 गेंदों पर सर्वाधिक 25 रन की पारी खेली। इन दो के अलावा अन्य जापानी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सका और अंत में जापान की पारी 19.5 ओवर में मात्र 57 रन पर सिमट गई।
श्री चरणी ने ढाया कहर
भारतीय टीम की बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी की स्पिन का जवाब किसी भी जापानी बल्लेबाज के पास नहीं था। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4/10 के आंकड़े दर्ज किए, जिसमें दो मेडन ओवर भी शामिल थे, और एशियाई खेलों में किसी भारतीय द्वारा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड बनाया।
चरणी के अलावा शेफाली वर्मा ने 4 ओवर में 13 रन देकर 2 विकेट हासिल किए तो श्रेयांका पाटिल और दीप्ति शर्मा को एक-एक सफलता हाथ लगी। वहीं, क्रांति गौड़ और नंदानी शर्मा का विकेटों का कॉलम खाली रहा।
शेफाली और ऋचा ने 5 ओवर में खत्म किया मैच
जापान के द्वारा दिए गए 59 रन के लक्ष्य को टीम इंडिया ने मात्र 5 ओवर में सफलतापूर्वक हासिल कर लिया। टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज गुनालन कमलिनि 2 गेंदों पर शून्य पर आउट हुईं तो भारतीय फुलमाली 7 गेंदों पर सिर्फ 6 रन ही बना सकी।
शुरुआती दो विकेट गिरने के बावजूद ओपनर शेफाली वर्मा एक छोर से आक्रामण जारी रखा और मात्र 15 गेंदों पर नाबाद 40 रन ठोक दिए।
उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 2 छक्के मारे तो ऋचा घोष ने 2 चौकों की मदद से नाबाद 12 रन बनाए और टीम इंडिया को जीत की दहलीज पार करवाई।
सेमीफाइनल में पहुंचा भारत
जापान के खिलाफ 8 विकेट की तूफानी जीत हासिल करने के बाद टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। अब 20 सितंबर को निशिन स्टेडियम में भारतीय महिला टीम का सामना बांग्लादेश महिला टीम से होगा, जिन्हें भारतीय टीम ने हाल में महिला एशिया कप 2026 में हराया था। अब एक बार फिर टीम इंडिया बांग्लादेशियों को हराकर स्वर्ण पदक के मैच में पहुंचना चाहेगी।
ये भी पढ़ें- 30 गेंदों पर शतक ठोक अभिषेक शर्मा ने मचाई खलबली, रोहित-मिलर को छोड़ा पीछे, लगाई रिकॉर्ड्स की लगाई झड़ी