Rohit Sharma: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे मैच में बल्ले से कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे। वेस्टइंडीज की कमजोर गेंदबाजी के सामने हिटमैन ने 35 गेंदों पर सिर्फ 32 रन बनाए थे। इस दौरान शर्मा ने 2 चौके और 3 छक्के मारे थे।
हालांकि, रोहित ने अपनी पारी की शुरुआत चौके के साथ की थी और वह शानदार लय में भी दिखे थे लेकिन अल्जारी जोसेफ की गेंद पर वह डीप मिडविकेट पर कैच आउट हो गए। उनके इस प्रदर्शन के बाद क्या टीम मैनेजमेंट उनको दूसरे वनडे से बाहर कर देगा, क्योंकि इस साल उनके आंकड़े वनडे में चिंताजनक हैं।
2026 में संघर्ष करते रोहित शर्मा
रोहित शर्मा के साल 2026 में वनडे आंकड़े देखे तो वह चिंताजनक रहे हैं। इस दिग्गज बल्लेबाज ने भारत के लिए इस साल 10 पारियां खेली हैं, जिसमें उन्होंने 41.1 की औसत से 411 रन बनाए हैं। इस दौरान रोहित के बल्ले से एक शतक और एक अर्धशतक निकला है।
रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में 138 रन बनाए थे तो अफगानिस्तान के खिलाफ चेन्नई में 79 रन की अर्धशतकीय पारी निकली थी। लेकिन इसके अलावा अन्य 8 पारियों में हिटमैन सिर्फ 194 रन ही बना सके हैं। यही वजह है कि टीम मैनेजमेंट उनको बाहर करके युवा यशस्वी जायसवाल को चांस दे सकते हैं।
यशस्वी के आंकड़े हैं शानदार
चयन समिति काफी लंबे समय से रोहित शर्मा के स्थान पर यशस्वी जायसवाल को मौका देना चाह रही थी लेकिन बीसीसीआई की पहली पसंद रोहित शर्मा बने हुए थे। हालांकि, इस साल रोहित शर्मा के बल्ले से पिछली 10 पारियों में सिर्फ एक शतक निकला है और इस स्थिति में अब टीम प्रबंधन बड़ा फैसला लेते हुए रोहित की जगह यशस्वी को आजमा सकती है, ताकि वनडे वर्ल्ड कप 2027 से पहले उनकी भी परीक्षा ली जा सके।
आपको बता दें कि, इस युवा ओपनर ने भारत के लिए अभी तक सिर्फ 6 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उनके बल्ले से 71.25 की शानदार औसत से 285 रन निकले हैं। इस दौरान यशस्वी दो शतक ठोक चुके हैं। यही कारण है कि टीम मैनेजमेंट अब रोहित को बेंच पर बैठाकर उनकी जगह यशस्वी को चांस दे सकती है।
रोहित बनाम चयन समिति
पिछले कुछ समय से रोहित शर्मा और चयन समिति के बीच अनबन की खबरें सामने आ रही थीं। इंग्लैंड दौरे के दौरान चयन समिति ने रोहित शर्मा को बता दिया था कि अब वह उनमें दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं और वह उनकी जगह यशस्वी जायसवाल को मौका देना चाहते हैं।
इसके बाद लॉर्ड्स में रोहित ने 138 रन की शतकीय पारी खेली और बाद में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने सामने आकर इन खबरों का खंडन किया। इसके बाद मुंबई में हुई समीक्षा बैठक में भी रोहित को लेकर चर्चा की गई लेकिन इसमें चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर मौजूद नहीं थे।
इसके बाद भी सैकिया ने आकर रोहित का बचाव किया था, जिसके बाद अंदाजा लगाया गया कि बीसीसीआई रोहित को वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक चांस देने के पक्ष में है लेकिन चयन समिति रोहित से अब आगे बढ़ना चाहती है।
ये भी पढ़ें- जॉन कैंपबेल-जस्टिन ग्रीव्स ओपनिंग, पांचवें पर आमिर जांगू, सुपरहिट मैच में वेस्टइंडीज की संभावित प्लेइंग-11