West Indies Probable Playing XI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन वनडे मैच की सीरीज का दूसरा मुकाबला 30 सितंबर असम के गुवाहाटी में स्थित बरसापारा इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।

इससे पहले तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ था, जहां मेजबानों ने 296 रन का लक्ष्य 41.4 ओवर में सफलतापूर्वक हासिल कर लिया।

अब मेहमान टीम की नजर दूसरे वनडे में दमदार प्रदर्शन कर, सीरीज में 1-1 की बराबरी करने पर होगी। चलिए आपको बताते हैं कि इस सीरीज में वेस्टइंडीज की संभावित प्लेइंग-11 क्या हो सकती है।

ग्रीव्स- कैंपबेल करेंगे ओपनिंग!

दूसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीज की पारी का आगाज करने की जिम्मेदारी जॉन कैंपबेल और जस्टिन ग्रीव्स के कंधों पर होगी। पहले एकदिवसीय मैच में इन दोनों ने 117 गेंदों पर 135 रन की ओपनिंग साझेदारी की थी।

हालांकि, कैंपबेल 60 गेंदों पर 62 रन बनाकर आउट हो गए थे लेकिन ग्रीव्स ने 108 गेंदों पर 101 रन की शानदार शतकीय पारी खेली थी। अब ये दोनों बल्लेबाज दूसरे मैच में भी कुछ इसी तरह का प्रदर्शन करना चाहेंगे।

तीसरे नंबर पर कीसी कार्टी को मौका मिल सकता है, जो पहले वनडे में सिर्फ 13 रन बना सके थे लेकिन दूसरी मुकाबले में वह यकीनन बड़ी पारी खेलना चाहेंगे।

शाई-आमिर से मिडिल ऑर्डर को होप

वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप तिरुवनंतपुरम में बड़ी पारी खेलने से चूक गए थे। पहले वनडे शाई के बल्ले से सिर्फ 12 रन की पारी निकली थी और यही वजह रही कि कैरेबियन टीम बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच सकी। पांचवें नंबर पर आमिर जांगू को भेजा जा सकता है, जिन्होंने भारतीय गेंदबाजी के खिलाफ 43 गेंदों पर नाबाद 58 रन की तूफानी पारी खेली थी।

गुवाहाटी में भी टीम मैनेजमेंट को इनसे कुछ ऐसे ही जबरदस्त प्रदर्शन की उम्मीद होगी। छठे नंबर पर ज्वेल एंड्रयू और सातवे पर रोस्टन चेज़ को बल्लेबाजी का मौका मिल सकता है। वहीं, आठवे पर मैथ्यू फोर्डे बैटिंग करते दिख सकते हैं।

अल्जारी-जेडन से उम्मीद

भारत के खिलाफ पहले वनडे मैच में टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ का प्रदर्शन बेहद साधारण रहा था। भारतीय बल्लेबाजों के सामने उन्होंने 9 ओवर में 9 की इकॉनमी से 81 रन लुटाए थे, जिसमें एक विकेट शामिल था।

अल्जारी ने रोहित शर्मा का बड़ा विकेट जरूर लिया था लेकिन उन्होंने रन भी काफी लुटाए थे। वहीं, जेडन सील्स ने 7 ओवर में सिर्फ 32 रन दिए थे लेकिन विकेटों का कॉलम खाली था। अब दूसरे मैच में अल्जारी और सील्स से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

वहीं, मैथ्यू फोर्डे भी 4 से 5 ओवर की गेंदबाजी करते दिख सकते हैं तो गुडाकेश मोती और रोस्टन चेज स्पिन गेंदबाजी की कमान संभालेंगे। बता दें कि, कैरेबियन टीम के पास गेंदबाजी विकल्प मौजूद हैं लेकिन पहले वनडे में वह अपनी छाप नहीं छोड़ पाए थे।

वेस्टइंडीज की संभावित प्लेइंग-11

जॉन कैंपबेल, जस्टिन ग्रीव्स, कीसी कार्टी, शाई होप (विकेटकीपर, कप्तान), आमिर जांगू, ज्वेल एंड्रयू, रोस्टन चेज़, मैथ्यू फोर्डे, गुडाकेश मोती, अल्जारी जोसेफ, जेडन सील्स।

ये भी पढ़ें- विराट कोहली की तूफानी बैटिंग देख खौंफ में थे प्रसिद्ध कृष्णा! बताया उस समय कैसा था ड्रेसिंग रूम का माहौल