Rohit Sharma: भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज का पहला मैच 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीरीज में भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के पास इतिहास रचने का शानदार मौका होगा।
हिटमैन सीरीज में मात्र 135 रन बनाते ही एक खास उपलब्धि अपने नाम दर्ज करवा लेंगे, जो उनसे पहले सिर्फ तीन खिलाड़ियों ने हासिल की है। वहीं, इस लिस्ट में रोहित शर्मा सचिन तेंदुलकर के बाद केवल दूसरे भारतीय बल्लेबाज होंगे।
रोहित के पास इतिहास रचने का मौका
पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की गिनती दुनिया के सर्वश्रेष्ठ वनडे ओपनर में की जाती है। रोहित ने इस प्रारूप में सर्वाधिक तीन दोहरे शतक लगाए हैं, जबकि अन्य किसी बल्लेबाज ने वनडे में दो दोहरे शतक भी नहीं लगाए हैं। साथ ही वनडे इंटरनेशनल में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 264 भी रोहित शर्मा के नाम भी दर्ज है।
अब रोहित के पास वनडे में एक और रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा। रोहित अगर वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 वनडे मैचों में 135 रन बना लेते हैं तो वह इंटरनेशनल एकदिवयी क्रिकेट में 10 हजार रन बनाने वाले दुनिया के चौथे ओपनर बन जाएंगे।
54.5 की औसत से बनाए 9865 रन
रोहित शर्मा ने अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत बतौर मध्यक्रम बल्लेबाज की थी, लेकिन उनको अधिक अवसर नहीं मिल रहे थे। इसके बाद 23 जनवरी 2013 को इंग्लैंड के खिलाफ मोहली में रोहित शर्मा को पारी की शुरुआत करने का मौका मिला।
तत्कालीन कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने रोहित को ओपनर बनाकर उनके पूरे करियर को ही बदल दिया था। हिटमैन ने भारत के लिए बतौर ओपनर 201 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 54.5 की बेहतरीन औसत से 9865 रन बनाए हैं। अब अगर वह वेस्टइंडीज के खिलाफ 135 रन बना लेते हैं तो वह 10 हजार रन पूरे कर लेंगे।
ये खिलाड़ी भी बना चुके हैं 10 हजार रन
वनडे में 10 हजार रन बनाने वाले फिलहाल दुनिया के सिर्फ तीन बल्लेबाज हैं। इसमें पहले स्थान पर भारत के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं, जिन्होंने 15,310 रन बनाए हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर श्रीलंका के पूर्व कप्तान और आक्रामक बल्लेबाज सनथ जयसूर्या का नाम आता है।
उन्होंने अपने देश के लिए ओपनिंग करते हुए 12,740 रन बनाए हैं। लिस्ट में तीसरा नाम वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल का है। गेल को उनकी तूफानी पारी और लंबे-लंबे छक्कों के लिए जाना जाता है लेकिन इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने कैरिबियन टीम के लिए वनडे में 10,179 रन ठोके हैं।