Rachin Ravindra Injured: भारत-न्यूजीलैंड के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज 22 अक्टूबर से शुरू हो रही है। अभी तक भारत और न्यूजीलैंड के क्रिकेट बोर्ड ने इस सीरीज के लिए स्क्वाड का ऐलान नहीं किया है लेकिन जिस खिलाड़ी का इस सीरीज में खेलना पक्का माना जा रहा था वह अचानक चोटिल हो गया है।
न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रवींद्र इस सप्ताह की शुरुआत में ऑकलैंड में एक प्रमोशनल शूट के दौरान डाइव लगाकर कैच लेने की कोशिश करते समय चोटिल हो गए हैं। रचिन के दाहिने कंधे में चोट आई है। हालांकि, चोट की गंभीरता को लेकर न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड की ओर से कोई जवाब नहीं आया है।
शूटिंग के दौरान हुए चोटिल
कीवी टीम के स्टार ऑलराउंडर रचिन रवींद्र फिल्म की शूटिंग में व्यस्त थे जहां कैच लेने की कोशिश करते समय रवींद्र सेफ्टी मैट पर अजीब तरह से गिरे और चोटिल हो गए।
इसके बाद शुक्रवार को उनका शुरुआती मूल्यांकन किया गया और चिकित्सा विशेषज्ञों ने किसी भी बड़े स्ट्रक्चरल इंजरी की संभावना से इनकार किया। हालांकि, वह कुछ सप्ताह तक पुनर्वास में रहेंगे, जहां पर उनका आगे का इलाज किया जाएगा।
यह दुर्भाग्यपूर्ण था
दाएं हाथ के हरफनमौला खिलाड़ी के चोटिल होने के बाद न्यूजीलैंड के परफॉर्मेंस मैनेजर माइक सैंडल ने कहा,
"यह वाकई एक दुर्भाग्यपूर्ण चोट थी। रचिन के लिए हमें बहुत दुख है और हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि वह जल्द से जल्द ठीक होकर मैदान पर वापसी करें। हमारे कलाकारों से जुड़े सभी व्यावसायिक शूट की तरह, इस गतिविधि से संबंधित सभी कार्य पहले से ही सभी पक्षों द्वारा तय किए गए थे और उचित सुरक्षा उपाय लागू किए गए थे। यह एक अप्रत्याशित दुर्घटना थी, और हम भविष्य में इस तरह की घटनाओं के संबंध में अपनी प्रक्रियाओं की समीक्षा करते रहेंगे।"
जल्द वापसी नहीं करवाना चाहते- मुख्य कोच
रचिन रवींद्र का भारत के खिलाफ टी20 सीरीज खेलना पक्का माना जा रहा था लेकिन उनकी चोट से टीम मैनेजमेंट के सामने बड़ी समस्या खड़ी कर दी है। चोट को लेकर न्यूजीलैंड टीम के मुख्य कोच रॉब वाल्टन ने कहा
"अगले छह महीनों में टेस्ट क्रिकेट का व्यस्त कार्यक्रम होने के कारण, हम रचिन को जरूरत से ज्यादा जल्दी वापस नहीं लाना चाहते। उनका पुनर्वास अच्छे हाथों में हो रहा है और हम जल्द ही उनका स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।"
हेड कोच के इस बयान से साफ है कि वह भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में वापसी कर सकते हैं। जबकि व्हाइट बॉल सीरीज में उनको आराम दिया जा सकता है।
ये भी पढ़ें- एकमात्र टेस्ट के लिए बोर्ड ने किया स्क्वाड का ऐलान, 44 टेस्ट खेलने वाले खिलाड़ी को बनाया कप्तान