Punch Boxing League: पंच बॉक्सिंग लीग के आगामी सीजन का आगाज नवंबर में होने वाला है, जिसके लिए 11 धुरंधर मुक्केबाजों का ऐलान कर दिया गया है। पंच बॉक्सिंग ने 11 मुक्केबाजों की रोमांचक सूची के साथ वापसी की घोषणा कर दी है।
पीबीएल की आधिकारिक प्रेस रिलीज के मुताबिक, रोस्टर में हर्ष गिल, नुटलाई लालबियाक्किमा, अक्षय चहल, प्रवेश कुमार, पायल जाखड़, हनी, सविता, पूनम पुन, श्वेता, अरुण शर्मा और गीतिका शामिल हैं।
आगामी सत्र में भाग लेने वाले मुक्केबाजों को अपने कौशल का प्रदर्शन करने, उच्च गुणवत्ता वाले प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने और मुक्केबाजी प्रशंसकों से जुड़ने का मंच मिलेगा।
नुटलाई-गिल ने जताई खुशी
पंच बॉक्सिंग लीग से पहले इसमें हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों ने अपनी खुशी जाहिर की है। हर्ष गिल ने कहा, "पंच बॉक्सिंग लीग का हिस्सा बनकर मैं बेहद उत्साहित हूं। मैंने कड़ी तैयारी की है और मैं रिंग में उतरकर इस सीजन में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक हूं।"
वहीं, नुटलाई लालबियाक्किमा ने कहा, "पंच बॉक्सिंग लीग मुक्केबाजों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक शानदार मंच है। मैं प्रतियोगिता के लिए उत्सुक हूं और एक दमदार प्रदर्शन करने के लिए दृढ़ संकल्पित हूं।"
इनके अलावा पंच बॉक्सिंग लीग में शामिल हो रहे अक्षय चहल ने बोले, "आगामी सीजन का हिस्सा बनकर मैं बहुत खुश हूं। मुकाबला चुनौतीपूर्ण होगा, लेकिन मैं इसके लिए तैयार हूं और रिंग में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगा।"
पायल-सविता भी लेंगी हिस्सा
11 खिलाड़ियों की सूची में पायल जाखर और सविता का नाम भी शामिल हैं। इस खिलाड़ियों ने पंच बॉक्सिंग लीग के शुरू होने से पहले कहा "पंच बॉक्सिंग लीग का हिस्सा बनकर मैं बेहद खुश हूं। यह उच्च स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का एक शानदार अवसर है, और मुझे उम्मीद है कि मैं पूरे सीजन में दमदार प्रदर्शन करूंगी।"
सविता बोलीं, "मैं इस सीजन में लीग का हिस्सा बनने के लिए उत्सुक हूं। मैंने प्रतियोगिता के लिए खुद को तैयार किया है और इस अवसर का पूरा लाभ उठाना चाहती हूं।" बता दें कि, इस लीग के लिए खिलाड़ियों ने कड़ा अभ्यास करना शुरू कर दिया है।
क्या है पंच बॉक्सिंग लीग?
पंच बॉक्सिंग लीग की शुरुआत साल 2017 में हुई थी और इसको भारतीय बॉक्सिंग काउंसिल द्वारा स्वीकृत किया गया है। इस लीग का मुख्य उद्देश्य भारतीय मुक्केबाजों को अत्यधिक प्रतिस्पर्धी मुकाबलों के जरिए इंटरनेशनल स्तर का अनुभव और मंच देना है।
यह लीग अपने 14वें संस्करण के साथ इस साल नवंबर में वापसी करने के लिए तैयार है, जिसमें देश के कई नामी और मजबूत फाइटर हिस्सा लेंगे। ऐसे में इस लीग का रोमांच देखते ही बनता है।
ये भी पढ़ें- एकमात्र टेस्ट के लिए बोर्ड ने किया स्क्वाड का ऐलान, 44 टेस्ट खेलने वाले खिलाड़ी को बनाया कप्तान