Narendra Modi: एशियन गेम्स 2026 की आधिकारिक शुरुआत शनिवार (19 सितंबर) से हो चुकी है। कबड्डी के स्टार खिलाड़ी पवन सहरावत और ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने आइची-नागोया में एशियाई खेल 2026 के उद्घाटन समारोह में भारतीय दल का नेतृत्व किया।

इस खास मौके पर देश की तमाम बड़ी हस्तियां भारतीय खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दे रही हैं तो भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच के जरिए प्लेयर्स को शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री ने दी शुभकामनाएं

एशियाई खेल 2026 में भाग लेने वाले भारतीय दल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा, 

"आइची-नागोया में एशियाई खेलों के प्रारंभ के अवसर पर भारतीय दल को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। प्रत्येक खिलाड़ी ने बेहद मेहनत की है और उल्लेखनीय समर्पण और दृढ़ संकल्प दिखाया है। भारत को उन पर गर्व है। आशा है कि वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे, अच्छा खेलेंगे और शानदार जीत हासिल करेंगे।" 

बता दें कि, पालोमा मिजुहो स्टेडियम में आयोजित समारोह के साथ 20वें एशियाई खेलों का औपचारिक उद्घाटन हुआ, जिसमें भारत की ओर से 36 खेलों में 503 खिलाड़ियों का दल शामिल है।

भाकर-सहरावत को प्राप्त हुआ गौरव

पिछले एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष कबड्डी टीम के सदस्य सहरावत को उद्घाटन समारोह में मनु भाकर के साथ तिरंगा ले जाने का गौरव प्राप्त हुआ है। दो बार के ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर खेलों में भारत के प्रमुख खिलाड़ियों में से एक हैं।

 पेरिस 2024 ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीतने वाली भाकर महिला 10 मीटर एयर पिस्टल, महिला 25 मीटर पिस्टल और 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धाओं में भाग लेंगी। उन्होंने पेरिस में ओलंपिक खेलों के एक ही संस्करण में दो पदक जीतने वाली स्वतंत्र भारत की पहली एथलीट बनकर इतिहास रचा था।

समारोह से पहले जारी किया वीडियो

मनु भाकर से देश एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड की उम्मीद कर रहा है। वहीं, ओपनिंग सेरेमनी के पूर्व उन्होंने एक वीडियो संदेश दिया था, जिसमें उन्होंने कहा, 

"सच कहूं तो, जब मुझे कल पता चला, तो मुझे अपने शुरुआती दिनों की सारी यादें ताजा हो गईं। और, आप जानते हैं, जब मैंने शुरुआत की थी, तब मैंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन मैं अपने खेल में इस मुकाम तक पहुंच पाऊंगी। इसलिए, यह वाकई बहुत ही खुशी का पल है। मुझे बहुत गर्व, सम्मान और खुशी महसूस हो रही है कि मुझे अपने देश के ध्वजवाहक के रूप में चुना गया है। मैं भगवान का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं और सभी को उनके प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं।"

बेहतर प्रदर्शन पर खिलाड़ियों की नजर

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों की नजर पिछली बार से अधिक बेहतर प्रदर्शन करने पर होगी। पिछली बार भारत ने 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य पदकों सहित रिकॉर्डतोड़ 107 पदक जीते थे। इस बार 503 खिलाड़ियों से इस रिकॉर्ड से आगे निकलने की उम्मीद होगी। 

आपको बता दें कि, इस बार का एशियन गेम्स जापान में आयोजित हो रहा है, जहां भारतीय प्रशंसकों का सपोर्ट भारतीय खिलाड़ियों को मिलने वाला है। हालांकि, इस बार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं होंगे। चोट की कारण वह पहले ही बाहर हो गए हैं लेकिन एक्स के जरिए उन्होंने खिलाड़ियों शुभकामनाएं दी हैं।

ये भी पढ़ें- अभिषेक-संजू ओपन, चौथे पर श्रेयस अय्यर, जापान के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग-11