India's Probable Playing XI Against Japan: एशियन गेम्स 2026 की शुरुआत 19 सितंबर यानी आज से हो चुकी है। वहीं, महिला क्रिकेट मैचों का आगाज इससे दो दिन पहले यानी 17 सितंबर को ही हो गया था तो पुरुष क्रिकेट टीम के मुकाबले 24 सितंबर से शुरू होंगे।

इससे पहले टीम इंडिया को जापान के खिलाफ 22 सितंबर को एकमात्र टी20 मैच खेलना है, जो दोनों देशों के रिश्तों के 75 साल पूरे होने पर आयोजित किया जा रहा है। सुजुकी कप के नाम से इस एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मैच के लिए वही टीम मैदान पर उतरेगी, जिसका चयन एशियन गेम्स 2026 के लिए किया गया है। ऐसे में चलिए जानते हैं कि भारत की संभावित प्लेइंग-11 क्या हो सकती है।

अभिषेक-संजू ओपनिंग, थर्ड पर ईशान

एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मैच में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की सुपरहिट जोड़ी पारी का आगाज कर सकती है। अभिषेक ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ रिकॉर्डतोड़ सैकड़ा ठोका था। ऐसे में उनका आत्मविश्वास सातवें आसमान पर होगा और ऐसे में टीम मैनेजमेंट उनको आराम नहीं देना चाहेगा।

वहीं, अफगानिस्तान टी20 सीरीज में संजू सैमसन ने बैक टू बैक दो अर्धशतकीय पारियां खेली थीं। ऐसे में उनको भी जापान के खिलाफ मैदान पर उतारा जा सकता है। तीसरे नंबर पर ईशान किशन को बैटिंग के लिए भेजा जा सकता है, जिनका यह साल बेहद कमाल का रहा है।

ईशान को अफगानिस्तान के विरुद्ध अधिक गेंद खेलने का अवसर नहीं मिला था। ऐसे में टीम मैनेजमेंट चाहगा कि एशियन गेम्स 2026 से पहले उनको अधिक से अधिक बॉल खेलने का मौका मिले।

अय्यर-तिलक पर मध्यक्रम की जिम्मेदारी

टीम इंडिया का कप्तान बनने के बाद से श्रेयस अय्यर के बल्ले से एक भी बड़ी पारी देखने को नहीं मिली है। अफगानिस्तान टी20 सीरीज में भी वह संघर्ष करते नजर आए थे। ऐसे में जापान के खिलाफ वह अपनी खोई हुई फॉर्म को तलाशना चाहेंगे।

पांचवें पर उप कप्तान तिलक वर्मा को बल्लेबाजी के लिए भेजा जा सकता है। तिलक 2026 में भारत के लिए 13 पारियों में 136.81 के स्ट्राइक रेट से 275 रन ठोक चुके हैं, जिसमें 3 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं।

छठे पर शिवम दुबे और सातवें पर अक्षर पटेल को बल्लेबाजी का मौका मिल सकता है तो आठवें पर विपराज निगम को आजमाया जा सकता है। निगम को वरुण चक्रवर्ती के स्थान पर स्क्वाड में स्थान मिला है जो लेग स्पिन के साथ निचले क्रम में आकर विस्फोटक पारी खेलने की काबिलियत रखते हैं।

यश-अर्शदीप संभालेंगे तेज गेंदबाजी आक्रमण

बीसीसीआई ने एशियन गेम्स 2026 के स्क्वाड में यश ठाकुर को भी शामिल किया है। यश को नीतीश कुमार रेड्डी के स्थान पर लाया गया है। ऐसे में टीम प्रबंधन बुमराह को आराम देकर उनकी जगह यश ठाकुर को चांस दे सकता है।

इसके अलावा भारत के लिए टी20आई में सर्वाधिक विकेट लेने वाले अर्शदीप सिंह भी इस मुकाबले का हिस्सा बन सकते हैं। वहीं, शिवम दुबे तीसरे पेसर की भूमिका में नजर आएंगे। इनके अलावा स्पिन विभाग की जिम्मेदारी रवि बिश्नोई, अक्षर पटेल और विपराज निगम के कंधों पर होगी।

भारत की संभावित प्लेइंग-11

अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप कप्तान), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, विपराज निगम, रवि बिश्नोई, यश ठाकुर, अर्शदीप सिंह।

ये भी पढ़ें- शूटिंग करते समय चोटिल हुए रवींद्र, इस सीरीज से होना पड़ सकता है बाहर, टीम की बढ़ी मुश्किलें