PM Modi Congratulates Athletes: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशियाई खेलों में महिलाओं की 10,000 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर सीमा कुमारी को बधाई दी और उनके दृढ़ संकल्प, सहनशक्ति, अनुशासन और कड़ी मेहनत की प्रशंसा की।

पीएमओ ने जापान में चल रहे एशियाई खेलों 2026 में स्कीट टीम मिश्रित स्पर्धा में देश के लिए पहला कांस्य पदक हासिल करने के लिए परिनाज धालीवाल और अनंतजीत सिंह नारुका की जोड़ी की भी सराहना की। उन्होंने एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने के लिए भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम को भी बधाई दी।

हमें सीमा पर गर्व है-PMO

सीमा कुमारी को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें लिखा था,

"एशियाई खेलों में महिलाओं की 10,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने पर सीमा पर गर्व है। उन्हें हार्दिक बधाई। उनके दृढ़ प्रदर्शन ने कई वर्षों बाद भारत को इस स्पर्धा में पदक दिलाया है। यह एक शानदार उपलब्धि है जो सहनशक्ति, अनुशासन और वर्षों की कड़ी मेहनत को दर्शाती है। आने वाले समय में उनकी और अधिक सफलताओं की कामना करता हूं।’’

खास बात यह है कि सीमा पूरी दौड़ में मुकाबले में बनी रहीं और आखिरी क्षणों में प्रतिद्वंद्वियों से आगे निकलकर तीसरा स्थान हासिल किया। 

अनंतजीत-परिनाज की जोड़ी ने किया कमाल 

अनंतजीत सिंह नारुका और परिनाज धालीवाल की सुपरहिट जोड़ी ने गुरुवार को मिश्रित टीम स्कीट शूटिंग फाइनल में कांस्य पदक जीता। प्रधानमंत्री कार्यालय ने अनंतजीत सिंह नारुका और परिनाज धालीवाल को बधाई देते हुए एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें लिखा था,

"एशियाई खेलों में स्कीट मिक्स्ड टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर परिनाज धालीवाल और अनंतजीत सिंह नारुका को हार्दिक बधाई। उनकी यह उपलब्धि एशियाई खेलों में इस स्पर्धा में भारत का पहला पदक है। दोनों को ढेर सारी शुभकामनाएं! आशा है कि यह सफलता आने वाले समय में और भी कई उपलब्धियों के लिए प्रेरणा बनेगी।’’

PMO ने बैडमिंटन टीम को दी बधाई

भारतीय पुरुषों की बैडमिंटन टीम स्पर्धा में सात्विकसाईराज रंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी ने पुरुष युगल मैच में मौजूदा विश्व चैंपियन लियांग वेइकेंग और वांग चांग को 21-11, 22-20 से हराकर भारत की एकमात्र जीत दर्ज की। पीएमओ ने लिखा,

"एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने पर हमारी पुरुष बैडमिंटन टीम को हार्दिक बधाई। यह पदक उनके जुनून और कड़ी मेहनत को दर्शाता है। पूरी टीम ने प्रतियोगिता के दौरान शानदार प्रदर्शन किया। आगामी प्रतियोगिताओं के लिए उन्हें शुभकामनाएं।’’ 

ये भी पढ़ें- एशियन गेम्स में भारत की धूम, 4x400 मीटर रिले दौड़ में जीता सिल्वर, सीमा को मिला ब्रांन्ज