India probable playing XI: एशियाई खेल महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 की शुरुआत 17 सितंबर से जापान में हो चुकी है। टूर्नामेंट में भारतीय टीम का पहला मैच 18 सितंबर को मेजबान जापान के खिलाफ हुआ था।

यह मैच कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क, निशिन में खेला गया था, जहां मेहमान टीम ने 8 विकेट की शानदार जीत दर्ज की। भारत ने जापान की पारी को सिर्फ 57 रन पर रोक दिया था, जबकि 58 रन लक्ष्य सिर्फ 5 ओवर में हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बना ली है।

अब सेमीफाइनल में टीम इंडिया का सामना बांग्लादेश महिला टीम से होगा। यह मैच 20 सितंबर को खेला जाएगा। इस मैच में भारतीय टीम की संभावित प्लेइंग-11 क्या हो सकती है, चलिए आपको बताते हैं।

मंधाना-शैफाली करेंगे पारी का आगाज!

जापान के खिलाफ भारतीय टीम की उप कप्तान स्मृति मंधाना ओपनिंग करने नहीं आई थीं। उनकी जगह गुनालन कमलिनी को बैटिंग के लिए भेजा गया था, लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में मंधाना पारी का आगाज करने आ सकती हैं।

वहीं, शेफाली वर्मा ने जापान के खिलाफ 15 गेंदों पर नाबाद 40 रन ठोक अपना फॉर्म दिखा दिया है। ऐसे में वर्मा और मंधाना बांग्लादेश के खिलाफ ओपनिंग करती दिख सकती हैं। वहीं, तीसरे स्थान पर भारती फुलमाली को बैटिंग के लिए उतारा जा सकता है। आपको बता दें कि, भारती जापान के खिलाफ सिर्फ 6 रन बनाकर सस्ते में पवेलियन लौट गई थीं।

हरमनप्रीत-ऋचा पर मिडिल ऑर्डर की जिम्मेदारी

बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर की जिम्मेदारी हरमनप्रीत कौर और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष के कंधों पर हो सकती है। कप्तान हरमनप्रीत जापान के खिलाफ बैटिंग के लिए नहीं आई थीं लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ वह कप्तानी पारी खेलने को व्याकुल होंगी।

पांचवें नंबर पर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष को बैटिंग के लिए उतारा जा सकता है, जिन्होंने जापान के विरुद्ध 6 गेंदों पर नाबाद 12 रन ठोककर ट्रेलर दिखा दिया हैं। अब वह बांग्लादेश के खिलाफ बड़े मैच में बड़ी पारी खेलने का इंतजार कर रही होंगी। छठे नंबर पर दीप्ति शर्मा और सांतवें पर गुनालन कमलिनी को मौका दिया जा सकता है।

पाटिल-चरणी संभालेंगी स्पिन की कमान

भारतीय टीम की स्टार स्पिनर श्री चरणी ने जापान के खिलाफ गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन किया था। बाएं हाथ की इस फिरकी गेंदबाज ने 4 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर 4 बल्लेबाजों का शिकार किया था। वहीं, दो ओवर उन्होंने मेडन डाले थे।

इस शानदार प्रदर्शन के बाद उनका बांग्लादेश के खिलाफ खेलना पक्का है। वहीं, श्रेयंका पाटिल और दीप्ति शर्मा भी स्पिन की जिम्मेदारी संभालती नजर आएंगी। वहीं, क्रांति गौड़ और नदंनी शर्मा तेज गेंदबाज से बांग्लादेश को शुरुआती झटके देती नजर आ सकती हैं।

भारत की संभावित प्लेइंग-11

स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, भारती फुलमाली, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), गुनालन कमलिनी, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़।

ये भी पढ़ें- पहले पर विराट, पांचवें पर बाबर, वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के 5 एक्टिव बल्लेबाज