Jacob Bethell Ruled Out: इंग्लैंड के युवा ऑलराउंडर जैकब बेथेल आगामी व्हाइट बॉल सीरीज से बाहर हो गए हैं। जैकब बेथेल को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए स्क्वाड में शामिल किया गया, लेकिन दाएं घुटने की चोट से ठीक होने में रुकावट के चलते उन्हें टीम से अलग होना पड़ा।

ऑलराउंडर को यह झटका इस हफ्ते की शुरुआत में पर्थ में एक ट्रेनिंग सेशन के दौरान लगा, जिसके बाद स्कैन से उनके टूर से हटने की पुष्टि हुई। बेथेल का बाहर होना इंग्लिश टीम की मुश्किलों को बढ़ा सकता है।  

जुलाई में लगी थी चोट

बाएं हाथ के खब्बू हरफनमौला खिलाड़ी को जुलाई में भारत के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज में घुटने पर चोट लगी थी और वह इसी से उबर रहे हैं। लॉर्ड्स में भारत बनाम इंग्लैंड के बीच हुए वनडे में जैकब बेथेल ने 91 रन की शानदार पारी खेली थी, लेकिन इस दौरान उन्हें दाएं घुटने में तकलीफ हुई।

इसके बाद बेथेल ने द हंड्रेड टूर्नामेंट खेला और फिर सितंबर में सर्जरी करवाई। वह शनिवार को एक स्पेशलिस्ट से सलाह लेने के लिए स्वदेश लौटेंगे, क्योंकि इंग्लैंड आगे सर्दियों के बिजी शेड्यूल को देखते हुए सावधानी बरतने का फैसला कर रहा है। 

जैक करेंगे बेथेल को रिप्लेस

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने जेम्स कोल्स और एडी जैक को बेथेल और जोश टंग की जगह वनडे टीम में बुलाया है, जो इस हफ्ते की शुरुआत में पैर के अंगूठे में चोट के कारण बाहर हो गए थे। कोल्स और जैक के गुरुवार को पर्थ पहुंचने की उम्मीद है। बेथेल के अलावा जोश टंग का बाहर होना इंग्लिश टीम के लिए दोहरा झटका होगा, क्योंकि जोश टंग काफी लंबे समय से इंग्लैंड क्रिकेट टीम का अहम हिस्सा बने हुए हैं। 

13 नवंबर से शुरू होगी सीरीज

इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया के तीन मैच की वनडे सीरीज का ओपनिंग मुकाबला 13 नवंबर को पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच 15 नवंबर को एडिलेड ओवल में होगा तो तीसरा मैच 18 नवंबर को होबार्ट में होगा।

इस टीम को लीड करने की जिम्मेदारी हैरी ब्रूक करेंगे। वनडे सीरीज की समाप्ति के बाद 21 नवंबर के ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच टी20आई सीरीज का आगाज होगा। इंग्लिश टीम इस दौरे पर कुल पांच टी20आई मैच खेलेगी।

ये भी पढ़ें- ‘अर्शदीप के ट्रेड से…’ हार्दिक-अर्शदीप ट्रेड पर इरफान पठान का आया रिएक्शन, सोशल मीडिया पर लिखी दिल की बात