Umesh Yadav: पंजाब रणजी ट्रॉफी के लिए 34 साल के इंतजार को खत्म करने के लिए अनुभव का इस्तेमाल कर रहा है। उसने अपने पुराने तरीके से हटकर 38 साल के भारतीय पेसर उमेश यादव को 2026-27 के घरेलू सीजन के लिए गेस्ट प्लेयर के तौर पर साइन किया है।
यह कदम पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि उमेश एसोसिएशन द्वारा साइन किए गए पहले गेस्ट प्लेयर बन गए हैं। भारत के लिए 55 टेस्ट, 75 ODI और 9 T20 खेल चुके उमेश को विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (VCA) से नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) मिल गया है और वह इस सीजन में पंजाब के लिए खेलेंगे।
PCA के प्रेसिडेंट ने जताई खुशी
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) के प्रेसिडेंट अमरजीत मेहता ने इस उमेश यादव के टीम में आने की पुष्टि की। उन्होंने कहा, ''अनुभवी पेसर के विदर्भ से पंजाब में आने की पुष्टि की। मेहता ने "एक बॉलर के तौर पर उनकी काबिलियत साबित हुई है। उन्होंने विदर्भ के साथ रणजी ट्रॉफी जीती है और भारत के लिए भी चैंपियन बॉलर रहे हैं।"
तीन हफ्ते में 39 साल के होने वाले खिलाड़ी को साइन करने के फैसले और इस कदम के ऐतिहासिक होने के बारे में पूछे जाने पर, मेहता ने कहा,
"हमने अपने रेड-बॉल क्रिकेट को फोकस में रखते हुए यह फैसला किया है। पंजाब ने 1992 से रणजी ट्रॉफी नहीं जीती है और हमें लगता है कि उमेश ऐसे खिलाड़ी हैं जो हमें टाइटल दिला सकते हैं।''
क्यों हुई उमेश की पंजाब में एंट्री?
भारतीय टीम से बाहर चल रहे उमेश यादव की काफी लंबे समय से टीम इंडिया में वापसी नहीं हुई है, जबकि उनकी गृह-राज्य टीम विदर्भ से भी उनको दरकिनार कर दिया गया है। ऐसे में यह उमेश के पास खुद को साबित करने का एक शानदार मौका होगा। वहीं, मेहता ने बताया कि आखिर उमेश को शामिल करने की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने कहा,
"देखिए, हमारे लड़के, जब भी उपलब्ध होते हैं, पंजाब के लिए खेलते हैं। लेकिन गुरनूर और अर्शदीप इंडिया के साथ व्यस्त रहेंगे, और उनके जाने से हमारी बॉलिंग कमजोर हो जाएगी। यह एक बड़ी वजह है कि हमने उमेश यादव को लाने का फैसला किया है।"
उम्र सिर्फ एक नंबर है- कोच
पंजाब के कोच अमित उनियाल ने भी उमेश यादव का टीम में आने पर स्वागत किया है। उन्होंने कहा, "वह अभी भी फिट हैं और भारतीय हालात में, मोहम्मद शमी के साथ, उमेश खतरनाक थे। मुझे लगता है कि उम्र सिर्फ एक नंबर है और फिटनेस के मामले में उमेश सभी कसौटियों पर खरे उतरते हैं।'' उन्होंने आगे कहा,
''इसके बावजूद, इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि वह सभी मैच खेलेंगे। बहुत कुछ कॉम्बिनेशन पर भी निर्भर करेगा। लेकिन ड्रेसिंग रूम में उनकी मौजूदगी बहुत बड़ी होने वाली है।"
आपको बता दें कि, पंजाब रणजी ट्रॉफी सीजन का अपना पहला मैच 11 अक्टूबर से न्यू चंडीगढ़ में असम के खिलाफ खेलेगा।
ये भी पढ़ें- ICC वनडे रैंकिंग में विराट कोहली की बादशाहत, शतक ठोक पहुंचे इस स्थान पर, शुभमन दुनिया में नंबर-1