Indian kabaddi Team Won Gold: शनिवार को एशियन गेम्स 2026 में महिला कबड्डी टीम ने ईरान को 37-34 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। मौजूदा प्रतियोगिता में भारत का यह तीसरा स्वर्ण पदक है। इस जीत के साथ उन्होंने हांग्जो संस्करण में जीते गए अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया।
मैच के आखिरी तनावपूर्ण पलों में भारत ने संयम बनाए रखा, जबकि ईरान वापसी के लिए जोरदार कोशिश कर रहा था।
खेल खत्म होने में जब सिर्फ एक मिनट शेष था, तब ईरान को मैच में बने रहने के लिए पॉइंट्स की जरूरत थी, लेकिन भारत के डिफेंस ने ऐनाज पर एक अहम टैकल करके जीत लगभग पक्की कर दी। आखिरकार भारत ने 37-34 से जीत हासिल की और अपने मेडल टैली में एक और गोल्ड मेडल जोड़ा।
संजू देवी का दिखा जलवा
एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाली संजू देवी ने मेडल के लिए हुए इस अहम मुकाबले में एक बार फिर अहम भूमिका निभाई और भारतीय टीम ने ईरान की चुनौती का डटकर सामना किया।
आपको बता दें कि, संजू देवी ने महिला कबड्डी विश्व कप 2025 में भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी और उनको टूर्नामेंट की मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) चुना गया।
वहीं, भारत का इस गोल्ड मेडल के साथ कुल मेडल्स की संख्या 27 हो गई है, जिसमें तीन गोल्ड, 11 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। वहीं, कबड्डी की महिला खिलाड़ियों ने इस जीत को देशवासियों को समर्पित की है।
यह पदक देशवासियों के नाम
भारत की स्टार कबड्डी खिलाड़ी रितु नेगी ने स्वर्ण पदक को देशवासियों को समर्पित किया है। उन्होंने कहा,
"मैं यह पदक अपने देशवासियों को समर्पित करता हूं। मैं यह पदक उनके समर्थन, प्यार, परिवार और कोचों को समर्पित करता हूं क्योंकि हम यहां उनके समर्थन, सहयोग, प्यार और आशीर्वाद के कारण ही पहुंचे हैं।"
वहीं, फाइनल में गोल्ड जीतने के बाद कबड्डी खिलाड़ी सोनाली शिंगेटे ने कहा,
‘’भारतीयों का हमेशा एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने का सपना होता है। हमने आज उनका सपना पूरा कर दिया है। हम इससे बहुत खुश हैं।’’
पुरुष टीम ने भी जीता गोल्ड
शनिवार का दिन भारत की पुरुष और महिला कबड्डी टीमों के नाम रहा। जहां पहले भारत की महिला टीम ने ईरान को चित किया तो बाद में भारत की पुरुष कबड्डी टीम ने ईरान को 39-35 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स में अपना चौथा स्वर्ण पदक जीत लिया है। आपको बता दें कि, हाफ टाइम तक ईरान एक पॉइंट की लीड पर रहा था लेकिन दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की गोल्ड जीत लिया।
सावन बरवाल ने जीता मेडल
इससे पहले सावन बरवाल ने पुरुषों की मैराथन में 2:11:37 के नेशनल रिकॉर्ड समय के साथ सिल्वर मेडल जीता और एशियाई खेलों की मैराथन में मेडल के लिए भारत के 44 साल के इंतजार को खत्म किया।
भारत ने आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदर्शा विनोद के जरिए महिलाओं के 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में भी सिल्वर मेडल जीता। व्यक्तिगत फाइनल में तिलोत्तमा चौथे और विदर्शा पांचवें स्थान पर रहीं।
स्क्वैश में, जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार मिक्स्ड डबल्स के सेमीफाइनल में हांगकांग के तांग मिंग होंग और ली का यी से हारने के बाद ब्रॉन्ज मेडल जीतने में कामयाब रहे।
ये भी पढ़ें- कैंपबेल- ग्रीव्स ओपनिंग, फॉर्थ पर शाई होप, ब्लॉकबस्टर मैच में वेस्टइंडीज की संभावित प्लेइंग-11