Joe Root: इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने मंगलवार को रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में सभी प्रारूपों में 23,000 रन का आंकड़ा पार करने वाले केवल आठवें बल्लेबाज बन गए।

रूट ने यह उपलब्धि चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड में श्रीलंका के खिलाफ इंग्लैंड के पहले वनडे मैच के दौरान हासिल की। उन्होंने अपने 394वें अंतरराष्ट्रीय मैच में यह कारनामा किया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 23,000 से अधिक रन बनाने वाले खास बल्लेबाजों के समूह में शामिल हो गए।

श्रीलंका के खिलाफ ठोका पचासा

श्रीलंका के खिलाफ इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए थे। उन्होंने इस दौरान 52 गेंदों पर 44 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें पांच चौके शामिल थे। जो रूट ने आउट होने से पहले ही टेस्ट और वनडे क्रिकेट दोनों में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में अपनी पहचान बना ली थी। रूट इंटरनेशनल क्रिकेट में 23,000 रन बनाने वाले पहले इंग्लिश बल्लेबाज बने। 

सचिन-विराट की लिस्ट में हुए शामिल

भारत के सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली, श्रीलंका के कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने, ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग, दक्षिण अफ्रीका के जैक्स कैलिस और भारत के राहुल द्रविड़ इंटरनेशनल क्रिकेट में 23 हजार का आंकड़ा छूने वाले बल्लेबाज हैं। अब इस लिस्ट में जो रूट का नाम भी जुड़ चुका है। वर्तमान में उनके नाम 14,278 टेस्ट रन हैं और मौजूदा सीरीज से पहले उनके नाम 7,826 वनडे रन थे, जिसमें 20 शतक शामिल हैं।

सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बनने की राह पर रूट

इंग्लैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज एलिस्टेयर कुक ने अपने इंटरनेशनल करियर में 257 मैच खेले थे, जिसमें 15,737 रन बनाए। कुक ने अपने अधिकांश रन टेस्ट क्रिकेट में बनाए और टेस्ट फॉर्मेट में कुल 12,472 रन बनाकर अपना करियर समाप्त किया। वहीं, रूट इंग्लैंड के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों में से एक रहे हैं और इंग्लिश टीम के लिए सभी फॉर्मेट में एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं।

ये भी पढ़ें- दिग्गज बल्लेबाज का सामने आया बड़ा बयान, वनडे वर्ल्ड कप 2027 जीतने का बताया मास्टर प्लान