India vs New Zealand: रविवार को तेज गेंदबाजों को दम पर भारतीय टीम ने पांचवां वनडे मैच 22 रन से जीतकर सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली है। सीरीज का पांचवां मैच बे ओवल में खेला गया था, जिसमें टीम इंडिया पहले बैटिंग करते हुए 42.1 ओवर में 209 रन पर ढेर हो गई।

इसके जवाब में ब्लैककैप्स 48.1 ओवर में सिर्फ 187 रन ही बना सकी और मुकाबला 22 रन से गंवा बैठी। सीरीज के अंतिम मैच में अर्शदीप सिंह का जलवा रहा, जिन्होंने पहले बल्ले से निर्णायक 14 रन बनाए तो गेंदबाजी में 3 विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार अपने नाम किया।

187 पर सिमटी कीवी पारी

सीरीज के निर्णायक मुकाबले में न्यूजीलैंड को जीत के लिए 50 ओवर में 210 रन का टारगेट मिला था, लेकिन कीवी बल्लेबाज सिर्फ 187 रन पर ढेर हो गए। लक्ष्य पीछा करते हुए न्यूजीलैंड के ओपनर ने शुरुआती दो ओवर संभलकर खेले, लेकिन, फिर इस जोड़ी ने मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह के खिलाफ कुछ आकर्षक शॉट्स खेले।

सिराज ने ब्लैककैप्स को टिम सीफर्ट (14) के रूप में पहला झटका दिया, और फिर पिछले मैच के शतकवीर विल यंग (22) को अर्शदीप सिंह ने चलता किया। इसके बाद न्यूजीलैंड ने लगातार अपने विकेट गंवाए और अंत में पूरी पारी 187 रन पर सिमट गई।

भारतीय गेंदबाजों का रहा जलवा

न्यूजीलैंड के लिए भारतीय गेंदबाजों ने 210 रन का टारगेट मुश्किल बना दिया। अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज की जोड़ी ने कीवियों के शीर्ष क्रम को ध्वस्त किया तो डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को यश ठाकुर ने चलता किया। यह यश का वनडे इंटरनेशनल का पहला विकेट भी बना। फिर आकिब नबी और नमन धीर ने भी कीवियों को बीच-बीच में झटके दिए।

इस मुकाबले में अर्शदीप ने 10 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। मोहम्मद सिराज, जो इस सीरीज में पहला मैच खेल रहे थे, उन्होंने 10 ओवर में 50 रन खर्च किए और 2 विकेट अपने खाते में डाले।

इसके अलावा डेब्यूटेंट यश ठाकुर ने 10 ओवर में 38 रन देकर 1 और आकिब नबी ने 10 ओवर में 37 रन देकर 1 सफलता प्राप्त की। वहीं, अक्षर पटेल को 2 विकेट मिले तो नमन धीर को एक सफलता हाथ लगी।

भारत ने बनाए थे 209 रन

इससे पहले न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। रोहित शर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ की ओपनिंग जोड़ी पारी की शुरुआत करने आई, लेकिन वह बड़ा कमाल नहीं दिखा सकी। रोहित 7 रन बनाकर आउट हुए तो ऋतुराज गायकवाड़ सिर्फ 18 के व्यक्तिगत स्कोर पर चलते बने।

फिर विराट कोहली 5 रन बनाकर तो कप्तान श्रेयस अय्यर 22 पर स्कोर पर आउट हो गए। हालांकि, अक्षर पटेल और ईशान किशन ने 46-46 रन बनाकर टीम को 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई, लेकिन उनको निचले क्रम के बल्लेबाजों से ज्यादा सहयोग प्राप्त नहीं हुआ और भारतीय पारी 209 रन पर ढेर हो गई।

ये भी पढ़ें- रोहित-विराट ने किया निराश, अक्षर-ईशान ने लूटी महफिल, IND vs NZ वनडे सीरीज में बल्लेबाजों का प्रदर्शन